Site icon Dainik Savera Times

राष्ट्रपति मुर्मु के कुल्लू-मनाली दौरे की तैयारियों को लेकर एएसएल बैठक

ASL Meeting Held Ahead of President’s Himachal Visit : कुल्लू। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित 6 से 8 अक्तूबर तक कुल्लू-मनाली और अटल टनल प्रवास को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को मनाली स्थित वाइल्ड लाइफ इन्फॉर्मेशन सेंटर में एएसएल बैठक आयोजित कर सुरक्षा, यातायात, संचार, स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता आईबी के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस. ने की। बैठक में इंटेलिजेंस ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला प्रशासन कुल्लू, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ/ग्रेफ), डीआरडीओ, सीआईएसएफ, एयरपोर्ट अथॉरिटी, बीएसएनएल, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल शक्ति विभाग, एचपीटीडीसी, पर्यटन विभाग, अभिमास तथा जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में राष्ट्रपति के प्रस्तावित 6 से 8 अक्तूबर तक मनाली एवं अटल टनल प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों से उनके विभागों से संबंधित तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये। बैठक में राष्ट्रपति के निर्धारित कार्यक्रमों एवं आवागमन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था, पार्किंग, संचार सुविधाओं, विद्युत एवं जलापूर्ति, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं समन्वित तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

 

Exit mobile version