Site icon Dainik Savera Times

24 किस्तों में किसानों को लगभग 5,230 करोड़ रुपये की सहायता, PM मोदी का आभार: डॉ. राजीव बिंदल

शिमला: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने पर हिमाचल प्रदेश के लाखों छोटे एवं सीमांत किसानों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के कल्याण और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के लगभग 11 लाख किसानों के बैंक खातों में प्रति किसान 2,000 रुपये के हिसाब से कुल 220 करोड़ रुपये की धनराशि पहुंची है। यह प्रदेश के किसानों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को प्रदान की जा रही यह सहायता किसान कल्याण के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। किसान सम्मान निधि के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि योजना की 24 किस्तों के आधार पर प्रत्येक किसान को 48,000 रुपये की आर्थिक सहायता बनती है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के किसानों को इन 24 किस्तों के माध्यम से अनुमानित 5,230 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। हिमाचल प्रदेश एक कृषि एवं बागवानी प्रधान राज्य है, जहां बड़ी संख्या में किसान छोटी जोतों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में खेती करते हैं। ऐसे किसानों के लिए सम्मान निधि की राशि खाद, बीज और खेती से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होती है। पिछले आठ वर्षों से किसानों के खातों में प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता पहुंचाने की व्यवस्था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान हितैषी दृष्टिकोण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इस योजना ने किसानों को सीधे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत किया है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि एक ओर कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी देश के गरीब किसानों की सेवा और उनके आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय किसानों के कल्याण से जुड़े विषयों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

डॉ. बिंदल ने हिमाचल प्रदेश के सभी लाभार्थी किसानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोटि-कोटि धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान, समृद्धि और आर्थिक सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version