Site icon Dainik Savera Times

अटल टनल ने लाहुल-स्पीति को विकास और पर्यटन की नई पहचान दी : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता

केलांग : हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने गुरुवार को लाहुल-स्पीति एवं मनाली प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध अटल टनल रोहतांग का दौरा कर इसकी तकनीकी विशेषताओं, सामरिक महत्व तथा क्षेत्रीय विकास में इसकी भूमिका की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अटल टनल सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा निर्मित आधुनिक इंजीनियरिंग और अत्याधुनिक तकनीक का अद्भुत उदाहरण है, जिसने हिमालयी क्षेत्र में विकास और संपर्क के नए आयाम स्थापित किए हैं।

राज्यपाल ने साउथ पोर्टल से नॉर्थ पोर्टल तक टनल का अवलोकन किया तथा बीआरओ अधिकारियों से इसके निर्माण, सुरक्षा प्रबंधन और संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें वर्षभर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा कि यह परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी सोच का साकार रूप है।

उन्होंने कहा कि अटल टनल केवल एक सुरंग नहीं, बल्कि देश की सामरिक मजबूती, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और जनसुविधा का प्रतीक है। राज्यपाल ने सिस्सू झील एवं सिस्सू वॉटरफॉल का भी दौरा किया। उन्होंने लाहुल घाटी की मनोरम प्राकृतिक छटा की सराहना करते हुए कहा कि सिस्सू आज प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि अटल टनल बनने के बाद पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन एवं स्थानीय व्यवसायों को व्यापक लाभ हुआ है।

राज्यपाल ने लाहुल के आराध्य देवता राजा घेपन मंदिर में दर्शन कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। लाहुल-स्पीति पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिकारियों सहित नॉर्थ पोर्टल पर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल का लाहुल की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्मान भी किया गया। इसके उपरांत राज्यपाल ने हडिम्बा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की तथा प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की सराहना की।

उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और समृद्ध भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हिमाचल की धार्मिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता देश की अमूल्य धरोहर है, जिसे संरक्षित एवं संवर्धित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर कुल्लू के उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा, एसपी कुल्लू मदन लाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version