हिमाचल डेस्कः प्रदेश के कुल्लू और मनाली में होली के दौरान कुछ पर्यटकों की हुड़दंगबाजी से माहौल खराब होने की खबर सामने आई है। अटल टनल रोहतांग के पार लाहुल घाटी में बर्फबारी के बीच पर्यटकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद के दौरान चाकू लहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे वहां मौजूद अन्य पर्यटक सहम गए। हालांकि लाहुल-स्पीति पुलिस ने दोनों गुटों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस को कोई चाकू बरामद नहीं हुआ।
ये भी देखें :-
बताया जा रहा है कि उत्पात मचाने वाले अधिकतर पर्यटक दोपहिया वाहनों पर कुल्लू और मनाली पहुंच रहे हैं। कई मामलों में बाइक पर 3 लोग बिना हेलमेट सवार दिखे। मनाली पुलिस ऐसे पर्यटकों को रोककर हेलमेट पहनने के लिए जागरूक कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
इन दिनों पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक दोपहिया वाहनों से कुल्लू-मनाली पहुंच रहे हैं। ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट सफर और लापरवाही से ओवरटेक करने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे अन्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस चालान भी कर रही है।
मामले को लेकर डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, लाहुल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि सोमवार को पंजाब के एक ही क्षेत्र से आए बाइकर्स के दो समूहों के बीच लाहुल में लापीटी कैफे के पास बर्फ फेंकने को लेकर कहासुनी हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान वीडियो में किए गए दावों के विपरीत कोई चाकू बरामद नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...