Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

कैग की ऑडिट रिपोर्टों से 4,251 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय वसूली

November 27, 2026

कैग की ऑडिट रिपोर्टों से 4,251 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय वसूली
 

Audit Must Strengthen Good Governance : शिमला। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि सरकारी संस्थानों का ऑडिट केवल सरकारी राजस्व और व्यय की पारंपरिक जांच तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे सुशासन, आर्थिक विकास और सामाजिक न्याय का एक सशक्त माध्यम बनना चाहिए।

राज्यपाल ने आज शिमला में आयोजित ऑडिट सप्ताह-2026 समारोह को संबोधित किया। उन्होंने परिणाम आधारित ऑडिट के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे जनकल्याण और विकास योजनाओं पर खर्च होने वाली धनराशि नागरिकों के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित होगा। राज्यपाल ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र की मजबूती का आकलन उसकी आर्थिक प्रगति के साथ-साथ उसकी संस्थाओं की विश्वसनीयता, प्रशासन में पारदर्शिता और नागरिकों के प्रति जवाबदेही से किया जा सकता है। उन्होंने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक को सार्वजनिक वित्त, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनविश्वास का संरक्षक बताया।

उन्होंने कहा कि सरकार के राजस्व में आने वाली धनराशि जनता की मेहनत, विश्वास और आकांक्षाओं को दर्शाती है। इसका विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना केवल प्रशासनिक दायित्व ही नहीं, बल्कि एक नैतिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिनिमम गवर्नमेंट मेक्सिमम गवर्नंेस के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि डिजिटल इंडिया, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस और सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली जैसी पहल वित्तीय पारदर्शिता, प्रशासनिक दक्षता और नागरिक-केंद्रित शासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत/2047 के संकल्प को साकार करने में ऑडिट संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका हैं। उन्होंने बल देते हुए कहा कि विकसित राष्ट्र की पहचान केवल मजबूत अर्थव्यवस्था से नहीं, बल्कि वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी शासन व्यवस्था, जवाबदेह संस्थानों और व्यवस्था में नागरिकों के विश्वास से भी होती है। राज्यपाल ने भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा विभाग की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 के दौरान कैग ने संसद और राज्य विधानसभाओं में प्रस्तुत करने के लिए 249 ऑडिट रिपोर्टों को मंजूरी दी तथा 8,793 वित्तीय प्रमाणन ऑडिट पूरे किए। वहीं, ऑडिट संबंधी हस्तक्षेपों के परिणामस्वरूप 4,251 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय वसूली हुई।

तकनीकी प्रगति को अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए राज्यपाल ने ऑडिट व्यवस्था को मजबूत बनाने, वित्तीय जोखिमों की समय रहते पहचान करने और संस्थागत दक्षता बढ़ाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिग डेटा एनालिटिक्स, जीआईएस मैपिंग और डिजिटल तकनीकों के अधिकाधिक उपयोग की वकालत की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश ऑडिट कार्यालय द्वारा डेटा आधारित ऑडिटिंग अपनाने की सराहना की। शिमला स्थित नेशनल एकेडमी ऑफ ऑडिट एंड अकाउंट्स के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन की उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए सक्षम और कुशल अधिकारियों को तैयार कर रहा है।

हिमालयी राज्यों की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों और विकास संबंधी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने वित्तीय संसाधनों के विवेकपूर्ण प्रबंधन और उनके सतत उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, बुनियादी ढांचे, पर्यटन, बागवानी, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा पर होने वाले खर्च का आकलन दीर्घकालिक जनकल्याण और पर्यावरणीय स्थिरता के दृष्टिकोण से किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सार्वजनिक बुनियादी अधोसंरचना टिकाऊ, आपदा प्रतिरोधी और आने वाली पीढ़ियों के लिए लाभकारी होना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें