Site icon Dainik Savera Times

कुल्लू में 15 अगस्त समारोह की तैयारियां शुरू, ढालपुर मैदान में होगा जिला स्तरीय आयोजन

August 15 celebrations

August 15 celebrations

कुल्लू: जिला मुख्यालय कुल्लू में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। 15 अगस्त 2026 को होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कार्यवाहक उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ-साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स तथा रोवर्स-रेंजर्स की टुकड़ियां आकर्षक मार्च पास्ट में हिस्सा लेंगी। समारोह में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और सांस्कृतिक दलों की ओर से देशभक्ति कार्यक्रमों और लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए मैदान में सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। इसके अलावा मुख्य मंच, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यवाहक उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का गौरवपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है और इसमें हर नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता से अपील की कि वे जिला स्तरीय समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वालों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में सहायक आयुक्त डॉ. जयबन्ती ठाकुर, तहसीलदार नितेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Exit mobile version