ढालपुर: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के ढालपुर मैदान में पहली बार ऑटो क्रॉस रैली का आयोजन किया गया। कुल्लू फेस्टिवल ऑफ स्पीड के नाम से आयोजित इस ऑटो मोटर क्रॉस रैली में देश भर से 130 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं और हिमालय एक्सट्रीम मोटर स्पोर्ट्स के द्वारा इसका आयोजन किया जा रहा है।
वही तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का शुभारंभ कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर के द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में पुरुष तथा महिला वर्ग की कैटेगरी रखी गई है। जो विभिन्न तरह की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वीरवार को इस प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पहले महिला चालकों के द्वारा मैदान में कार में सवार होकर विभिन्न करतब दिखाए गए।
वहीं दोपहर बाद पुरुषों के लिए भी यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। तीन दिनों तक विभिन्न कैटेगरी में महिला व पुरुष चालक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और शनिवार को समापन अवसर पर विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर भी सम्मानित किया जाएगा।
हिमालय एक्सट्रीम मोटर स्पोर्ट्स के अध्यक्ष सुरेश राणा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में यह प्रतियोगिता पहली बार आयोजित की गई है और इसमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली हरियाणा, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से स्पीड के शौकीन चालक पहुंचे हैं। तीन दिनों तक यहां पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा और विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
शुभारंभ अवसर पर पहुंचे विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि पहली बार कुल्लू जिला में इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है और इससे हिमाचल प्रदेश में भी साहसिक खेलों को काफी फायदा पहुंचेगा। यहां के युवा भी स्पीड का शौकीन रखते हैं और इस तरह की प्रतियोगियों से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का भी मौका मिलेगा। ऐसे में आगामी वर्ष में भी दशहरा उत्सव के बाद इस तरह के प्रतियोगिता आयोजित करवाई जाएगी।

