Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल प्रदेश में अब हाईवे पर होंगे ऑटोमैटिक चालान, CCTV से हो रही मॉनिटरिंग

Automatic Challan in Himachal

Automatic Challan in Himachal शिमला: हिमाचल प्रदेश में अब नेशनल हाईवे पर बिना परमिट या अधूरे दस्तावेजों के साथ चल रहे कमर्शियल वाहनों पर सख्ती शुरू हो गई है। परिवहन विभाग ने प्रदेश में पहली बार अत्याधुनिक CCTV सिस्टम लागू किया है, जिसके जरिए चालकों के खिलाफ ऑटोमैटिक चालान जनरेट होंगे।

-इन इलाकों में लगाए गए हैं CCTV कैमरे

कालका-शिमला और कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे पर अब ऐसे CCTV कैमरे लगाए गए हैं जो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को स्कैन कर वाहन की पूरी जानकारी जुटा लेते हैं। दस्तावेजों में कोई कमी पाई जाती है तो तुरंत मैसेज के जरिए चालान भेजा जाएगा। ये पूरी प्रक्रिया मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से मॉनिटर की जा रही है।

-परिवहन विभाग ने दी जानकारी

परिवहन विभाग का कहना है कि यह तकनीक पहले ट्रायल के रूप में लागू की गई थी, जो पूरी तरह सफल रही। अब तक 50 से अधिक वाहनों के चालान इसी व्यवस्था के तहत काटे जा चुके हैं। विभाग ने कालका-शिमला हाईवे पर सनवारा टोल गेट पर CCTV की विशेष व्यवस्था की है। रात के समय अधिकतर वाहन चालक अधूरे दस्तावेज लेकर चलते हैं, जिन्हें अब बख्शा नहीं जाएगा।

इससे पहले चालान की प्रक्रिया पूरी तरह मैनुअल थी, जिसे पुलिस या विभागीय टीमें मौके पर अंजाम देती थीं। अब नई तकनीक से काम न केवल तेज़ हुआ है, बल्कि इसमें पारदर्शिता भी बढ़ी है। चालान मिलने पर वाहन चालक उसे ऑनलाइन या नजदीकी परिवहन कार्यालय में जाकर जमा कर सकते हैं। इस नई व्यवस्था से उम्मीद की जा रही है कि नियमों के उल्लंघन पर रोक लगेगी और सड़क सुरक्षा में सुधार होगा।

Exit mobile version