सरकाघाट: गोपालपुर विकास खंड के अंतर्गत ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ कार्यक्रम के तहत प्रथम बीपीएल क्लस्टर कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत रखोटा में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत रखोटा की प्रधान माया देवी ने की।
कार्यक्रम में गोपालपुर विकास खंड की 16 पंचायतों से संबंधित पात्र एवं बीपीएल परिवारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) गोपालपुर जगदीश शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. वीर विक्रम सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के खाद्य निरीक्षक देशराज ठाकुर, उद्योग विभाग सरकाघाट के प्रसार अधिकारी अक्षय शर्मा तथा खंड विकास अधिकारी कार्यालय गोपालपुर से पंचायत निरीक्षक शालिनी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता शर्तों, उपलब्ध सुविधाओं तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में उपस्थित लाभार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री सुख सुरक्षा योजना एवं सुख आश्रय योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पात्र परिवारों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी पात्रता के अनुसार इनका लाभ उठाएं। उन्होंने लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने तथा निर्धारित प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों द्वारा विभिन्न योजनाओं से संबंधित पूछे गए सवालों एवं शंकाओं का विभागीय अधिकारियों ने मौके पर समाधान किया।
इस दौरान लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं एवं औपचारिकताओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा एवं विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। गोपालपुर विकास खंड में आयोजित यह प्रथम बीपीएल क्लस्टर कार्यक्रम विभिन्न विभागों और पात्र परिवारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लक्षित परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
📍 Location: Mandi (Mandi)

