Site icon Dainik Savera Times

केन्द्रीय विद्यालय जतोग कैंट में जल संरक्षण पर जागरूकता सेमिनार आयोजित

शिमला: जल संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को केन्द्रीय विद्यालय, जुतोग कैंट, टुटू में SUEZ India एवं NGO पार्टनर हिमाचल प्रदेश ईशवास लोक कल्याण सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में जल संरक्षण पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सेमिनार के दौरान SUEZ के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को शिमला में चल रही 24×7 सतत दबावयुक्त जल वितरण परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यह परियोजना विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित है और SJPNL के माध्यम से संचालित की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य शिमला शहर में लोगों को बेहतर, सुरक्षित और निरंतर जल आपूर्ति उपलब्ध करवाना है। विद्यार्थियों को परियोजना से होने वाले लाभों तथा शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत करवाया गया।

कार्यक्रम में जल संरक्षण के महत्व पर विशेष रूप से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को विद्यालय और घर में पानी की बर्बादी रोकने तथा सीमित जल संसाधनों का उचित उपयोग करने के विभिन्न उपाय बताए गए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जल संरक्षण के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी पानी बचाने के लिए प्रेरित करें।

केन्द्रीय विद्यालय जुतोग कैंट के प्रधानाचार्य मोहित गुप्ता ने जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण एवं प्रासंगिक विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए SUEZ टीम का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के अधिकारी मंदीप राणा और NGO समन्वयक सचिन शर्मा ने भी विद्यार्थियों के साथ जल संरक्षण की आवश्यकता और इसके महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने जल संरक्षण की शपथ ली और पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने का संकल्प लिया।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version