Site icon Dainik Savera Times

बालीवाल में 125 करोड़ की विकास योजनाओं को रफ्तार

Baliwal Set for Major Development Boost : शिमला। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बालीवाल पंचायत में करीब 125 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम किया जाएगा। उन्होंने सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि अगले एक साल में क्षेत्र में विकास का बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बालीवाल लंबे समय तक विकास की दृष्टि से पिछड़ा रहा, लेकिन अब यहां बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीवाल में रविवार को वार्षिक पारितोषिक समारोह में मुख्यातिथि के रूप में अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजुआणा से पोलियां को जोड़ने वाली सड़क पर 42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की राशि लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध करवा दी गई है। पुबोआल-बालीवाल सड़क पर 3.50 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जाएगा, जबकि समनाल-पंजुआणा सड़क के लिए 14 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं और इसकी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि पंजुआणा में 100 करोड़ रुपये की लागत से लैब स्थापित की जाएगी तथा बल्क ड्रग पार्क का प्रशासनिक भवन 40 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। 8.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वर्किंग वीमेन हॉस्टल का निर्माण शुरू हो चुका है, जबकि पीएचसी बालीवाल के लिए भी डेढ़ करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को नई गति मिलेगी। अगले सत्र से बालीवाल स्कूल में शुरू होंगी कॉमर्स की कक्षाएं उप मुख्यमंत्री ने बालीवाल स्कूल के करीब 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया तथा शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शिक्षा, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अगले सत्र से बालीवाल विद्यालय में कॉमर्स की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। कांगड़ स्कूल में म्यूजिक की कक्षाएं भी शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य द्वारा स्कूल के विकास से संबंधित रखी गई सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। विद्यालय में वर्तमान में 174 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विकास को लेकर होने वाली आलोचनाओं की उन्हें परवाह नहीं है। लोगों को सरकार से उम्मीदें हैं और उनका लक्ष्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि बालीवाल से महाविद्यालय की छात्राओं के लिए एचआरटीसी बस सेवा भी शुरू की जाएगी। हरोली महाविद्यालय में अगले साल 1000 विद्यार्थी, एमएससी और लॉ की कक्षाएं होंगी शुरू मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अगले साल हरोली महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या करीब 1000 हो जाएगी। वर्तमान में लगभग 500 विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अगले वर्ष से महाविद्यालय में एमएससी और लॉ की कक्षाएं भी शुरू होंगी। Also Read: 
Exit mobile version