मंडी। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने आज यहां बताया कि जिला रोजगार कार्यालय, मंडी के माध्यम से बार्बेक्यू नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड द्वारा सर्विस स्टुअर्ड एवं किचन हेल्पर के लगभग 400 पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इन पदों के लिए 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के दसवीं पास एवं इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवक और युवतियां पात्र होंगे और चयनित अभ्यर्थियों को 11,000 रुपए से 16,000 रूपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी के नियमानुसार पीएफ, ईएसआईसी, निःशुल्क भोजन एवं आवास इत्यादि की सुविधा प्रदान की जाएगी ।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति गुजरात, बेंगलुरू, दिल्ली, मुंबई एवं हैदराबाद स्थित कंपनी के प्रतिष्ठानों में की जाएगी। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त संस्थान द्वारा होटल मैनेजमेंट का डिप्लोमा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को दिल्ली स्थित प्रशिक्षण केंद्र में 7 दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान भोजन एवं आवास की व्यवस्था कंपनी द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी तथा आने-जाने का यात्रा व्यय (टिकट) भी कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इन पदों के लिए निर्धारित योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी 06 नवंबर, 2026 को होने वाले साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं । उन्होंने इच्छुक आवेदकों से अनुरोध है कि वे अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं छायाप्रतियां, हिमाचली प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, आधार कार्ड व रोजगार पंजीकरण पत्र व बायोडाटा की कॉपी व अनुभव प्रमाण पत्र (यदि कोई हो) लेकर 06 नवम्बर, 2026 को प्रातः 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय, मंडी (खलियार), में आयोजित कैंपस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, मंडी के दूरभाष नम्बर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा ।
📍 Location: Mandi (Mandi)

