Site icon Dainik Savera Times

पंचैरी की चुलना पंचायत में भालू का हमला; 5 लोग घायल, 3 की हालत गंभीर

उधमपुर : उधमपुर जिले के पंचैरी क्षेत्र की चुलना पंचायत में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक जंगल से निकले एक भालू ने लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) उधमपुर रेफर किया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह चुलना पंचायत के कुछ लोग अपने रोजमर्रा के काम के सिलसिले में खेतों और जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से एक भालू बाहर निकला और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर और पत्थर फैंककर किसी तरह भालू को जंगल की ओर भगाया, लेकिन तब तक वह पांच लोगों को घायल कर चुका था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे रोजमर्रा के काम के लिए घरों से निकले थे, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया।

 

ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और लोग अकेले घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पंचैरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को उनकी हालत को देखते हुए आगे के उपचार के लिए जीएमसी उधमपुर रेफर कर दिया गया, जबकि दो अन्य घायलों का उपचार पीएचसी पंचैरी में जारी है। घायलों के परिजनों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि हमलावर भालू को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

 

उनका कहना है कि क्षेत्र में आए दिन जंगली जानवरों की आवाजाही से ग्रामीणों की जान को खतरा बना हुआ है। घटना के बाद पूरी चुलना पंचायत में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अपने बच्चों को अकेले घरों से बाहर भेजने से भी कतरा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर आबादी से दूर जंगल में छोड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Exit mobile version