शिमला: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश के सभी सांसद, विधायक तथा प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री नरेंद्र भाई मोदी जी के शासकीय सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर “25 वर्ष सेवा, सुशासन और समर्पण के — राष्ट्र प्रथम से विकसित भारत तक” शीर्षक से एक विस्तृत राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस प्रस्ताव के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के शासकीय नेतृत्व, सेवा, समर्पण, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रहित और विकसित भारत के संकल्प का अभिनंदन किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की।
बैठक के उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रारंभ हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शासकीय यात्रा ने 7 अक्टूबर 2026 को 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 12 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री तथा 12 वर्ष से अधिक समय देश के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए देश की सेवा की है। उनका जीवन मंत्र रहा है कि देश पहले, व्यक्ति बाद में; राष्ट्र पहले, पार्टी बाद में। डॉ. बिंदल ने कहा कि इन 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता को सेवा, पद को दायित्व, नीति को परिणाम और जनशक्ति को राष्ट्रशक्ति में परिवर्तित करने का कार्य किया है। भाजपा हिमाचल प्रदेश ने इस ऐतिहासिक यात्रा का अभिनंदन करते हुए उनके नेतृत्व में भारत द्वारा अर्जित उपलब्धियों और हिमाचल प्रदेश को मिले विशेष स्नेह एवं विकास की सौगातों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने की भावना पर आधारित रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के आकलन के अनुसार वर्ष 2013-14 से 2022-23 के बीच देश में लगभग 24.82 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए। यह आंकड़ा अंत्योदय और गरीब कल्याण की दिशा में हुए व्यापक परिवर्तन को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं का व्यापक लाभ पहुंचा है। पारित प्रस्ताव में उल्लिखित केंद्रीय आंकड़ों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जुलाई 2026 तक हिमाचल प्रदेश के लिए 1,08,389 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया, जिनमें से 1,02,682 आवास स्वीकृत हुए तथा 69,018 आवास पूर्ण किए गए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत 12,758 आवास स्वीकृत हुए और 11,128 आवास पूर्ण किए गए। उन्होंने कहा कि इन दोनों योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में 80 हजार से अधिक आवास पूर्ण हुए हैं, जबकि स्वीकृत आवासों की संख्या एक लाख से अधिक है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि उसके आत्मसम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य से जुड़ा विषय है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर जैसा प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान प्रदान करके प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी। लगभग 1,470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित एम्स बिलासपुर में 750 बिस्तरों, 64 आईसीयू बिस्तरों, 18 स्पेशियलिटी, 17 सुपर स्पेशियलिटी विभागों तथा 18 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था विकसित की गई है। इसके अतिरिक्त प्रतिवर्ष 100 एमबीबीएस और 60 नर्सिंग विद्यार्थियों की क्षमता भी निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि जिस हिमाचल के मरीजों को गंभीर उपचार के लिए दिल्ली और चंडीगढ़ का रुख करना पड़ता था, उसी प्रदेश में एम्स जैसी संस्था स्थापित होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना भी गरीब कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में सड़क और परिवहन अधोसंरचना के विकास को विशेष प्राथमिकता मिली है। अटल टनल रोहतांग का निर्माण इसका ऐतिहासिक उदाहरण है। लगभग 9.02 किलोमीटर लंबी अटल टनल ने लाहौल-स्पीति क्षेत्र की संपर्क सुविधाओं को नया आयाम दिया है। उन्होंने कहा कि कीरतपुर-मनाली कॉरिडोर में आधुनिक सुरंगों और पुलों का निर्माण, परवाणू-सोलन-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग, शिमला बाईपास, पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ तथा पठानकोट-मंडी जैसे मार्गों का विकास हिमाचल की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, उद्योग, कृषि और बागवानी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। प्रस्ताव के अनुसार कीरतपुर-मनाली कॉरिडोर में पुराने मार्ग की तुलना में लगभग 38 किलोमीटर दूरी कम करने तथा यात्रा समय लगभग तीन घंटे घटाने की परिकल्पना की गई है। वर्ष 2024 में हिमाचल प्रदेश में लगभग 4,000 करोड़ रुपये की 15 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले प्रदेश में रेलवे का विस्तार लंबे समय से चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि पारित प्रस्ताव में उपलब्ध केंद्रीय आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2009-14 के दौरान हिमाचल प्रदेश के लिए औसत वार्षिक रेलवे बजट लगभग 108 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 2,716 करोड़ रुपये पहुंचा। यह 25 गुना से अधिक की वृद्धि है। उन्होंने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेलवे लाइन, चंडीगढ़-बद्दी रेलवे परियोजना और प्रस्तावित बिलासपुर-मनाली-लेह सामरिक रेल लाइन हिमाचल के भविष्य की महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे विस्तार से प्रदेश के औद्योगिक विकास, पर्यटन, व्यापार और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश को विशेष श्रेणी के राज्य के रूप में मिलने वाले केंद्रीय सहयोग की व्यवस्था को भी महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया है। अनेक केंद्र प्रायोजित योजनाओं में 90 प्रतिशत केंद्रीय तथा 10 प्रतिशत राज्यांश की वित्तीय व्यवस्था से हिमाचल जैसे पर्वतीय प्रदेश को विशेष सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पेयजल योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, औद्योगिक विकास, रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार में केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश के साथ संबंध केवल प्रधानमंत्री बनने के बाद का नहीं है। संगठन के कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने वर्षों तक हिमाचल में कार्य किया और यहां की संस्कृति, देव परंपराओं, गांवों तथा कार्यकर्ताओं के साथ उनका गहरा आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री मोदी अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में भाग लेने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री बने। भगवान रघुनाथ जी की ऐतिहासिक रथयात्रा और देवी-देवताओं के समागम में उनकी उपस्थिति हिमाचल की देव संस्कृति के प्रति उनके सम्मान का महत्वपूर्ण उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने विभिन्न अवसरों पर चंबा रुमाल, चंबा थाल, हिमाचली टोपी, कांगड़ा चित्रकला, कुल्लू के पारंपरिक वस्त्र तथा प्रदेश के स्थानीय उत्पादों का उल्लेख करके हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में योगदान दिया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण, युवा विकास, किसानों के सम्मान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूहों तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी गई है। इसी प्रकार स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, अटल इनोवेशन मिशन तथा मुद्रा योजना के माध्यम से युवाओं को कौशल, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, बागवानी, प्राकृतिक खेती, खाद्य प्रसंस्करण और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है और प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र प्रथम के मंत्र में सैनिक सम्मान, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को विशेष स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि अटल टनल तथा सीमावर्ती सड़क अधोसंरचना के विकास से हिमाचल की संपर्क सुविधाओं के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा भी मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने सीमावर्ती गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में देखने की नई सोच प्रस्तुत की है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को भी जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य हुआ है। ‘एक पेड़ मां के नाम’, स्वच्छ भारत अभियान और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य के लिए पर्यावरण और विकास का संतुलन अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारतीय जनता पार्टी विकसित हिमाचल के संकल्प के साथ प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, देव संस्कृति, जलस्रोतों और पर्यावरण के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्षों से प्रेरणा लेकर हिमाचल भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर भी व्यापक सेवा संकल्प लिया है। सदस्यता अभियान 2024 के दौरान हिमाचल प्रदेश भाजपा ने 15.50 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य जोड़े और अभियान के प्रदर्शन में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए यह केवल सदस्यता का आंकड़ा नहीं, बल्कि सेवा, अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम के संकल्प से जुड़े लाखों कार्यकर्ताओं का विशाल परिवार है। संगठन पर्व, सक्रिय सदस्यता, बूथ सशक्तीकरण, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान, मन की बात, स्वच्छता अभियान, लाभार्थी संपर्क और डिजिटल प्रशिक्षण के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के बीच निरंतर सक्रिय हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में पारित प्रस्ताव के माध्यम से यह संकल्प लिया गया कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को हिमाचल के प्रत्येक बूथ, प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता गरीब कल्याण, किसान-बागवानों की समृद्धि, युवाओं के लिए अवसर, महिला सशक्तीकरण, सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि वैचारिक रूप से प्रशिक्षित, सामाजिक रूप से संवेदनशील, तकनीकी रूप से सक्षम और जनसेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ता तैयार करना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को विकसित हिमाचल के माध्यम से साकार करने में हिमाचल भाजपा अपना पूर्ण योगदान देगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में पारित प्रस्ताव के माध्यम से प्रदेश सरकार से भी अपेक्षा की गई कि हिमाचल प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विषयों को राजनीति से ऊपर रखा जाए। रोजगार, किसान-बागवान, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, कर्मचारियों की समस्याएं, प्रदेश की आर्थिक स्थिति और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर जनता ठोस परिणाम चाहती है। उन्होंने कहा कि जहां हिमाचल के हित में सकारात्मक कार्य होंगे, वहां भाजपा सहयोग करेगी, लेकिन जहां जनहित से समझौता होगा, वहां पार्टी लोकतांत्रिक और तथ्यात्मक तरीके से जनता की आवाज उठाएगी।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के शासकीय नेतृत्व की यह ऐतिहासिक यात्रा सेवा, सुशासन, संकल्प, सिद्धि, गरीब कल्याण और राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक है। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से अभिनंदन किया है और उनके स्वस्थ, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय नेतृत्व को प्रेषित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा का मार्ग दिखाया है और हिमाचल भाजपा उसी मार्ग पर चलकर विकसित भारत के निर्माण में विकसित हिमाचल के माध्यम से योगदान देने का संकल्प लेती है। सड़क से रेल तक, अटल टनल से एम्स तक, गरीब के पक्के घर से किसान के सम्मान तक, मातृशक्ति के स्वाभिमान से युवाओं के सपनों तक हिमाचल प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा का साक्षी भी है और सहभागी भी।
📍 Location: शिमला (शिमला)

