Site icon Dainik Savera Times

Bilaspur में चलती कार पर पहाड़ से गिरे बड़े पत्थर, 1 की मौत, 3 अन्य गंभीर घायल

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर टनल नंबर 2 थापना के पास पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर एक चलती कार पर गिर गए। उस समय कार में सवार एक पर्यटक की मौत हो गई। दरअसल, कार में 4 लोग सवार थे, तभी अचानक बड़े-बड़े पत्थर उस चलती कार पर गिरे।

इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देर रात हुआ। जानकारी के अनुसार, पंजाब की ओर जा रही कार पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरे। हादसे के दौरान कार में सवार चार लोग मनाली से घूमकर घर लौट रहे थे और वापसी में यह बड़ा हादसा हुआ, जिसमें एक की मौत हो गई।

जैसे ही वे कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पहाड़ी पर पहुंचे, तो एक बड़ा पत्थर उनकी कार पर गिर गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को एम्स बिलासपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उनमें से एक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कल्याण धाकड़ (35) निवासी चोरपुरा जिला मुरैना मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

वहीं, घायलों की पहचान महेश धाकड़, सुदीप जादौन, सुनील धाकड़ निवासी चोरपुरा जिला मुरैना मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। डीएसपी हेडक्वार्टर मदन धीमान ने बताया कि स्वारघाट थाना पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Exit mobile version