Dainik Savera Times

हिमाचल: बिलासपुर के वृद्धाश्रम में मिला प्यार, 75 वर्ष के कन्हैया ने 63 की सवीना से रचाई शादी

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घाघस स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में एक अनोखी और भावुक कर देने वाली शादी देखने को मिली। यहां 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल ने उम्र के इस पड़ाव पर एक-दूसरे का हाथ थामकर नई जिंदगी की शुरुआत की। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इस खास मौके पर उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना भी बाराती के रूप में नजर आईं और उन्होंने नवदंपती को आशीर्वाद देकर शगुन भेंट किया।

यह शादी इसलिए भी खास है, क्योंकि कन्हैया लाल को उनके अपनों ने घर से बेघर कर दिया था, जबकि सबीना भटकते हुए हिमाचल प्रदेश पहुंची थीं और उन्हें भी रहने के लिए आश्रम का सहारा लेना पड़ा था। दोनों की मुलाकात अपना घर वृद्धाश्रम में हुई, जहां धीरे-धीरे उनके बीच अपनापन बढ़ा और उन्होंने एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाने का फैसला किया।

हल्दी की रस्म से लेकर सात फेरों तक मनाया जश्न

वृद्धाश्रम में इस विवाह को लेकर उत्साह का माहौल रहा। शादी से पहले मंगलवार शाम को हल्दी की रस्म निभाई गई। इस दौरान कन्हैया लाल पीले कुर्ते-पायजामे में नजर आए, जबकि सबीना ने भी पीले रंग का सूट पहना। दोनों ने पहाड़ी गानों पर जमकर नृत्य किया और इस खुशी के पल को यादगार बनाया। विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार वरमाला और सात फेरों की रस्म पूरी की गई। शहनाई की मधुर धुनों के बीच दोनों ने एक-दूसरे का साथ निभाने की कसमें खाईं। आश्रम में रहने वाले अन्य बुजुर्गों, संस्थान के संचालक एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल और सदस्यों ने भी समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने नवदंपती को शुभकामनाएं दीं।

डीसी किरण भड़ाना ने दिया नई शुरुआत का संदेश

इस अनूठे विवाह समारोह में उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि इस पहल से समाज को एक बहुत अच्छा संदेश मिला है। उन्होंने अपना घर वृद्धाश्रम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को खुशहाल जीवन जीने का अधिकार है। उम्र बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि इंसान अपनी जिंदगी की नई शुरुआत नहीं कर सकता। उन्होंने नवदंपती को विवाह की बधाई देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की और शगुन भी भेंट किया। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, अपना घर वृद्धाश्रम के संस्थापक प्रकाश बंसल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

गुफा में रहने को मजबूर थे कन्हैया लाल, भटकते हुए शिमला पहुंची थीं सबीना

आश्रम के संचालक एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल ने बताया कि वर्ष 2022 में उनकी टीम ने मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग गांव के रहने वाले 75 वर्षीय कन्हैया लाल को एक गुफा से रेस्क्यू किया था। कन्हैया लाल की पत्नी का निधन हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं थी। पत्नी की मृत्यु के बाद उन्होंने अपनी संपत्ति भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन बाद में उन्हें घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह गुफा में रहने को मजबूर हो गए थे। रेस्क्यू करने के बाद उन्हें अपना घर वृद्धाश्रम में लाया गया, जहां वह तब से रह रहे थे।

वहीं, मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली 63 वर्षीय सबीना मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते भटकते हुए हिमाचल प्रदेश पहुंच गई थीं। उन्हें पहले मशोबरा स्थित आश्रय केंद्र में रखा गया और बाद में वर्ष 2025 में बिलासपुर के अपना घर वृद्धाश्रम लाया गया। आश्रम में साथ रहते हुए दोनों के बीच लगाव बढ़ा और उन्होंने एक-दूसरे का सहारा बनने का फैसला किया। प्रकाश बंसल ने कहा कि यह विवाह समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। यदि समाज बेसहारा और अपनों से ठुकराए गए लोगों को सहयोग दे, तो वे भी सम्मान और खुशियों के साथ जीवन जी सकते हैं।

उन्होंने बताया कि आश्रम के दयोली स्थित भवन में 25 लोगों के रहने की सुविधा उपलब्ध है। शादी के बाद सबीना और कन्हैया लाल सोलन जिले के नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे। यह विवाह केवल दो लोगों का मिलन नहीं, बल्कि इस बात का संदेश भी है कि जीवन में खुशियों और नए रिश्तों की शुरुआत करने की कोई उम्र नहीं होती।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version