Site icon Dainik Savera Times

बिलासपुर की बेटी ने भोपाल में मचाया धमाल; 67 की उम्र में जीता ‘मिसेज सेंट्रल इंडिया’ का ताज

बिलासपुर: बिलासपुर की सुषमा शर्मा ने 67 वर्ष की आयु में मिस एंड मिसेज सेंट्रल इंडिया 2026 में ‘विनर-प्लेटिनम’ का ताज जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने ‘मिसेज पॉपुलर-प्लेटिनम’ और ‘मिसेज बॉडी ब्यूटीफुल-प्लेटिनम’ जैसे विशेष खिताब भी अपने नाम किए। भोपाल में आयोजित इस प्रतियोगिता के प्रेजेंटिंग पार्टनर एकालव्य इंटरनैशनल रहे। कार्यक्रम का आयोजन औरा इवेंट्स ने किया, जबकि यह पेजेंट दि पेजेंट इंडिया कंपनी के बैनर तले संपन्न हुआ, जिसकी संस्थापक फरहा अनवर हैं।

प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में सुषमा शर्मा ने आत्मविश्वास और संतुलित अभिव्यक्ति से निर्णायकों को प्रभावित किया। मंच संचालक अमन वर्मा द्वारा दिए गए 15 पुशअप्स के चैलेंज को भी उन्होंने मंच पर ही पूरा कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वे बिलासपुर के स्वर्गीय मेजर शिवराम (पूर्व चेयरमैन, एक्स सर्विसमेन ट्रांसपोर्ट सोसायटी) की सुपुत्री हैं। उनका विवाह आईआरएस अधिकारी अजीत कुमार (सेवानिवृत्त) से हुआ है, जिन्होंने अधिकतर सेवाकाल महाराष्ट्र में दिया।

युवा प्रतिभागियों ही नहीं, उनके अभिभावक भी सुषमा शर्मा को प्रेरणास्नेत मानते हैं। इस अवसर पर उन्होंने संदेश दिया, ‘उम्र केवल एक संख्या है। विश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।’ उनकी यह उपलब्धि बिलासपुर के लिए गर्व का विषय है और हर आयु वर्ग की महिलाओं के लिए प्रेरणा का संदेश देती हैं।

Exit mobile version