BJP Chief Urges Workers to Gear Up for Himachal Polls : कुल्लू। संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभी से सक्रिय होने का आह्वान किया। उन्होंने हर मंडल में महीने में कम से कम एक जनप्रदर्शन आयोजित करने, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस सरकार की नीतियों व कथित विफलताओं को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर स्थानीय स्तर पर जनआंदोलन खड़ा करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति केवल बैठकों और कार्यालयों तक सीमित रहने में नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में भागीदार बनने, जनसमस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने में है। डॉ. बिंदल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए समय तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रत्येक दिन संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अब केवल इनडोर बैठकें करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि कार्यकर्ताओं को गांव, पंचायत, मंडल और बूथ स्तर पर जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करना होगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मंडल में हर महीने कम से कम एक प्रभावी जनप्रदर्शन आयोजित किया जाए तथा पार्टी के विभिन्न मोर्चे भी नियमित रूप से जनहित के मुद्दों पर आंदोलन करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता टूटी सड़कों, बंद होते शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाइयों की कमी, बिजली के भारी बिलों तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान है। इन समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी पंचायत में सड़क खराब है, कहीं स्कूल बंद हुआ है, कहीं स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं है तो इन समस्याओं को लेकर संबंधित क्षेत्र में जनआंदोलन खड़ा किया जाना चाहिए।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रत्येक मंडल को आगामी तीन जनप्रदर्शनों की रूपरेखा पहले से तैयार करनी चाहिए। प्रदर्शन केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें स्थानीय जनता की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, जनजातीय मोर्चा और अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा सहित सभी संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने पर जोर दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज सोशल मीडिया जनसंवाद का अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुका है।
प्रत्येक बूथ पर आईटी कार्यकर्ता की सक्रियता सुनिश्चित की जाए तथा बूथ स्तर के व्हाट्सएप समूहों को नियमित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों पर प्रकाशित सामग्री को प्रत्येक कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाए। इसके साथ स्थानीय जनसमस्याओं, विकास कार्यों और जनहित के विषयों पर तथ्यात्मक वीडियो, रील और अन्य डिजिटल सामग्री भी तैयार की जाए। डॉ. बिंदल ने कहा कि संगठनात्मक कार्यों में नियमितता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक महीने के प्रथम सप्ताह में जिला बैठक, दूसरे सप्ताह में मंडल बैठक, तीसरे सप्ताह में ग्राम केंद्र बैठक तथा चौथे सप्ताह के अंतिम रविवार को बूथ बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि बूथ बैठकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना जाए तथा इसके बाद स्थानीय राजनीतिक और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाए। उन्होंने कुल्लू में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रस्तावित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने सभी मंडलों और विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों से कार्यक्रम में व्यापक कार्यकर्ता भागीदारी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित संगठनात्मक जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने का आह्वान किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार हुआ है, प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं तथा एम्स बिलासपुर जैसे प्रतिष्ठित संस्थान ने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक घर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

