BJP Cooperative Cell Plans Mega Event : शिमला। सोलन में भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में 29 नवंबर को धर्मपुर/कुमारहट्टी में शिमला संसदीय क्षेत्र स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सामूहिक रूप से सुनेंगे।
इसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा समस्त प्रकोष्ठों के संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, विशेष अतिथि के रूप में सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं जिला शिमला कोऑपरेटिव के चेयरमैन नरेश चौहान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समस्त प्रकोष्ठों के समन्वयक प्रो. रवीन्द्र ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक में जिला सोलन के अंतर्गत आने वाले 13 मंडलों में से 8 मंडलों के संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ आदर-सत्कार के साथ हुआ, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम गुलेरिया ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों का विस्तृत परिचय लिया।
मंच का सफल संचालन अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दाड़लाघाट मंडल के संयोजक परस राम ठाकुर द्वारा किया गया। बैठक की मीडिया कवरेज और आईटी संबंधी व्यवस्था का जिम्मा प्रदेश सह-संयोजक (आईटी विभाग) अरुष गुप्ता द्वारा संभाला गया। इस दौरान होटल गोल्डन बैंचर्स के मालिक चंद्रपाल अग्रवाल, जो सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक भी हैं, का हर बार की भाँति विशेष सहयोग रहा। होटल के उत्कृष्ट और स्वादिष्ट भोजन के चलते अक्सर यहाँ बैठकों का आयोजन किया जाता है।
सहकारिता सप्ताह व 29 नवंबर को होने वाले विशाल कार्यक्रम पर चर्चा: मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम गुलेरिया ने ‘राष्ट्रीय सहकारिता दिवस’ और ‘राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह’ के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यूं तो राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह प्रतिवर्ष 14 से 21 नवंबर तक मनाया जाता है, परंतु इस बार अन्य व्यस्त कार्यक्रमों के चलते शिमला संसदीय क्षेत्र स्तरीय यह विशेष कार्यक्रम 29 नवंबर को धर्मपुर/कुमारहट्टी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को माह का अंतिम रविवार होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर ही कार्यकर्ताओं द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रसिद्ध कार्यक्रम “मन की बात” भी एक साथ सुना जाएगा।
पुरुषोत्तम गुलेरिया ने यह भी घोषणा की कि इस भव्य कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे तथा एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे महिलाओं के उत्पादों की बिक्री होगी और उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा। गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश का उदाहरण देते हुए पुरुषोत्तम गुलेरिया ने बताया कि कैसे इन राज्यों में छोटी-छोटी प्राथमिक सहकारी समितियों के माध्यम से बड़ा बदलाव आया है। हमें भी हिमाचल में प्राथमिक समितियों को सुदृढ़ करना होगा। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर देते हुए कहा कि महिलाएं सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।

