Site icon Dainik Savera Times

सेना के सम्मान पर सियासी संग्राम, विधानसभा के बाहर गरजा विपक्ष

 

BJP Demands Jagat Singh Negi’s Resignation : शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष ने जोरदार प्रदर्शन किया।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायक दल के सदस्यों ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्षी विधायक हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे और मंत्री जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई। भाजपा विधायकों ने मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना को लेकर की गई कथित टिप्पणी को गंभीर मामला बताते हुए इसे उनकी बर्खास्तगी के लिए पर्याप्त आधार करार दिया। विपक्ष का कहना है कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक है तथा सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाने वाली किसी भी टिप्पणी को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

भाजपा ने इस मामले में मंत्री से सार्वजनिक माफी मांगने और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है। विपक्ष ने स्पष्ट किया कि यह केवल किसी राजनीतिक बयान का मामला नहीं है, बल्कि देश की सेना के सम्मान और सैनिकों के मनोबल से जुड़ा संवेदनशील विषय है। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर ऐसी टिप्पणी के बावजूद मंत्री को मंत्रिमंडल में बनाए रखने का क्या औचित्य है। विपक्ष का आरोप है कि मुख्यमंत्री को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, अन्यथा सरकार की चुप्पी को भी इस बयान का समर्थन माना जाएगा।

दरअसल, विवाद की शुरुआत विधानसभा में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नियम-67 के तहत हो रही चर्चा के दौरान हुई थी। इस दौरान जगत सिंह नेगी ने राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर सवाल उठाए थे और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया था। उनके बयान पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन में भी इस मुद्दे को उठाते हुए टिप्पणी को विधानसभा की कार्यवाही से हटाने और मंत्री से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की थी। मंत्री ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने राफेल सौदे और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए थे, सेना की वीरता पर नहीं।

संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भी उनका पक्ष लेते हुए कहा था कि मंत्री की टिप्पणी को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। दूसरी ओर, सदन की अध्यक्षता कर रहे संजय रत्तन ने आश्वासन दिया था कि कार्यवाही के रिकॉर्ड की जांच की जाएगी और यदि कोई आपत्तिजनक टिप्पणी पाई जाती है तो उसे हटाने पर विचार किया जाएगा। शुक्रवार को पांचवें दिन विपक्ष ने इसी मुद्दे को लेकर अपना विरोध और तेज कर दिया। भाजपा विधायक दल का रुख साफ है कि केवल टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि मंत्री को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए और मुख्यमंत्री उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर करें।

Exit mobile version