Site icon Dainik Savera Times

Harsh Mahajan: शिमला में प्रदर्शन के दौरान MP हर्ष महाजन को आया चक्कर, IGMC के CCU वार्ड में भर्ती

Harsh Mahajan

Harsh Mahajan

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह सीटीओ के समीप भाजपा के धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ पार्टी का पक्ष रखा। संबोधन के बाद जब वह मंच से नीचे उतरकर मीडिया से बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक चक्कर आ गया।

ये भी पढ़ें :-

महाजन की तबीयत बिगड़ते ही मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें संभाला। एचआरटीसी की टैक्सी से उन्हें तत्काल उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), शिमला ले जाया गया। अस्पताल में उन्हें सीसीयू में भर्ती किया गया। प्रारंभिक जांच और सीटी स्कैन के बाद हृदय में ब्लॉकेज की जानकारी सामने आई। फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

हर्ष महाजन बोले- अब मैं ठीक हूं

अस्पताल में भर्ती हर्ष महाजन ने कहा कि अब उनकी सेहत में काफी सुधार है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार व्यस्त कार्यक्रम और भागदौड़ के कारण उनका रक्तचाप (बीपी) अचानक गिर गया था। बीपी कम होने से शरीर का संतुलन बिगड़ गया और उन्हें चक्कर आ गया। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी के डॉक्टर उनका बेहतर इलाज कर रहे हैं और अब वह पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अस्पताल से हल्का भोजन करते हुए अपना एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें समर्थकों और शुभचिंतकों का कुशलक्षेम पूछने के लिए आभार जताया।

महाजन ने उम्मीद जताई कि यदि स्वास्थ्य में इसी तरह सुधार होता रहा तो उन्हें शनिवार शाम तक अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबर से समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली। अस्पताल में लिफ्ट खराब होने के कारण हर्ष महाजन को स्ट्रेचर सहित उठाकर दूसरी मंजिल स्थित सीसीयू तक ले जाना पड़ा। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठाकर वार्ड तक पहुंचाया।

भाजपा नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हर्ष महाजन का कुशलक्षेम जाना। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है।

धरना स्थल पर मची अफरा-तफरी

घटना के बाद कुछ समय के लिए धरना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी कुशलक्षेम की जानकारी ली और अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।

विक्रमादित्य सिंह ने जताई चिंता

हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हर्ष महाजन की तबीयत बिगड़ने पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। गौरतलब है कि हर्ष महाजन पहले कांग्रेस में थे और कुछ वर्ष पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे। उनके पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, जो विक्रमादित्य सिंह के पिता थे, के साथ भी अच्छे संबंध रहे हैं।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version