Site icon Dainik Savera Times

सेना पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, सदन से वॉकआउट

BJP Protests Minister’s Remarks Against Indian Army : शिमला। धर्मशाला में चल रहे हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सेना पर टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की भारतीय सेना और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर की गई टिप्पणियों के विरोध में भाजपा विधायक दल ने सदन के बाहर प्रदर्शन किया और स्थगन प्रस्ताव लाकर सदन से वॉकआउट किया।

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्री पर सेना के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को ऐसी टिप्पणियां शोभा नहीं देतीं। उन्होंने मांग की कि मंत्री दोबारा माफी मांगें, अन्यथा विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए मजबूर होगा। जहां पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का एक मंत्री पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गया है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी संविधान की शपथ लेकर संवैधानिक पद का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन वे आज देश की सेना के खिलाफ बोल रहे हैं। मंत्री ने इससे पहले भी कई बार सेना के खिलाफ टिप्पणियां की हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने विधानसभा के अंदर यह मामला उठाया था कि मंत्री की यह टिप्पणी सदन की कार्यवाही का हिस्सा नहीं होनी चाहिए।

मंत्री ने सदन में न केवल सेना में भ्रष्टाचार की बात कहकर अनर्गल आरोप लगाए, बल्कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भी गंभीर टिप्पणी की, जो कतई सहन योग्य नहीं है। विपक्ष द्वारा रोके जाने के बावजूद उन्होंने बोलना जारी रखा और दुर्भाग्यपूर्ण रूप से इन टिप्पणियों को विधानसभा की कार्यवाही में रिकॉर्ड भी किया गया। इसी के विरोध में भाजपा विधायक दल ने स्थगन प्रस्ताव लाकर सदन से वॉकआउट किया। जयराम ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में दोबारा माफी नहीं मांगी गई, तो विपक्ष फिर से सदन (हाउस) की कार्यवाही स्थगित करने के लिए मजबूर कर देगा।

उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि कांग्रेस के नेता सेना के खिलाफ बेशर्मी से टिप्पणियां कर रहे हैं और पार्टी के शीर्ष नेता इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिस सेना के अद्भुत शौर्य ने दुनियाभर में भारतीयों का सीना गर्व से ऊंचा किया उस देश में कांग्रेस के नेता ऐसे देशविरोधी और सेना का मनोबल घटाने वाले बयान देकर आखिर क्या साबित करना चाहते हैं।

Exit mobile version