Site icon Dainik Savera Times

Himachal News : प्यारी बहना योजना के 93% आवेदन खारिज, भाजपा ने सरकार को घेरा

BJP Slams Himachal Government Over Rejection of 93% Applications : शिमला। हिमाचल में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में 8.25 लाख आवेदनों में से 7.69 लाख खारिज होने पर भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ छल बताते हुए आवेदन खारिज करने के कारण सार्वजनिक करने और पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की बहुचर्चित इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे सरकार के महिला सशक्तीकरण के दावों की वास्तविकता उजागर करने के लिए पर्याप्त हैं। विपिन परमार ने कहा कि विधानसभा में सरकार की ओर से दिए गए लिखित जवाब के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में योजना के अंतर्गत 8,25,446 महिलाओं ने आवेदन किया, लेकिन इनमें से 7,69,185 आवेदन निरस्त कर दिए गए।

लगभग 93 प्रतिशत आवेदन खारिज होना कोई सामान्य प्रशासनिक आंकड़ा नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। केवल 51,853 महिलाओं के आवेदन स्वीकृत हुए, जबकि 4,408 आवेदन लंबित बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस ने महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा करके बड़े-बड़े राजनीतिक दावे किए थे, लेकिन आज सवाल यह है कि जिन लाखों महिलाओं ने सरकार के वादे पर भरोसा करके आवेदन किया, उन्हें आखिर निराशा क्यों मिली? क्या महिलाओं को सम्मान देने का कांग्रेस का वादा केवल सत्ता प्राप्त करने का चुनावी हथियार था?

परमार ने कहा कि सरकार आवेदन निरस्त होने के पीछे नियमों और वार्षिक पारिवारिक आय की निर्धारित सीमा में किए गए बदलाव का तर्क दे रही है। यदि नियमों में बदलाव करना ही था तो सरकार को इसकी स्पष्ट जानकारी पहले देनी चाहिए थी। महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया में उलझाने और बाद में उनके आवेदन निरस्त करने से सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि सरकार सार्वजनिक रूप से बताए कि जिला स्तर पर कितनी महिलाओं के आवेदन निरस्त हुए, आवेदन खारिज करने के वास्तविक कारण क्या हैं और शेष पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता कब तक मिलेगी? क्या सरकार निरस्त आवेदनों की पुनः समीक्षा करवाने और पात्र महिलाओं को न्याय देने के लिए तैयार है?

विपिन परमार ने कहा कि हिमाचल की मातृशक्ति केवल चुनावी घोषणाएं नहीं, बल्कि अपने अधिकारों का सम्मान और अपने परिवार के भविष्य की सुरक्षा चाहती है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति पहले ही चिंताजनक दौर से गुजर रही है, ऐसे में सरकार को घोषणाओं की राजनीति छोड़कर धरातल पर परिणाम देने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह समझना होगा कि महिला सम्मान केवल भाषणों, विज्ञापनों और चुनावी गारंटियों से स्थापित नहीं होता। उसके लिए ईमानदार नीयत, पारदर्शी व्यवस्था और समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है। प्रदेश की महिलाएं आज सरकार से जवाब मांग रही हैं और सरकार को इन सवालों का उत्तर देना ही होगा। विपिन परमार ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 1,500 रुपये का सपना दिखाया था, लेकिन आज लाखों महिलाओं के हाथ निराशा लगी है। सरकार को बताना चाहिए कि यह महिला सम्मान योजना है या महिलाओं को आवेदन और निरस्तीकरण के चक्र में उलझाने वाली योजना?

Exit mobile version