Site icon Dainik Savera Times

19 अक्टूबर से हिमाचल के नौ दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा 19 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक हिमाचल प्रदेश के नौ दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह शिमला, रामपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, पांगी और कुल्लू सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। उनका यह प्रवास विशेष रूप से प्रदेश के दुर्गम, सीमावर्ती एवं जनजातीय क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा तथा कार्यकर्ताओं से प्रत्यक्ष संवाद पर केंद्रित रहेगा।

भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार श्रीकांत शर्मा 19 अक्टूबर को प्रातः 11:30 बजे शिमला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। यहां दोपहर 3 बजे तक विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। इसके पश्चात रामपुर के लिए रवाना होंगे, जहां शाम को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक वार्ता करेंगे।

इस व्यापक संगठनात्मक प्रवास का उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क स्थापित करना, मंडल स्तर की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करना तथा पार्टी की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में संवाद को मजबूत करना है।

विशेष रूप से किन्नौर, लाहौल-स्पीति और पांगी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में प्रदेश प्रभारी का प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन बैठकों के माध्यम से स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपनी बात प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। भाजपा संगठन का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र, प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बना रहे तथा संगठन की सक्रियता और समन्वय को नई मजबूती मिले।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version