Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पीएम मोदी के हाथों में देश सुरक्षित, भारत की चुनावी व्यवस्था दुनिया के लिए मिसाल: अखिलेश कपूर

August 19, 2026

पीएम मोदी के हाथों में देश सुरक्षित, भारत की चुनावी व्यवस्था दुनिया के लिए मिसाल: अखिलेश कपूर

कुल्लू: भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत एवं दूरदर्शी नेतृत्व में आज देश पूरी तरह सुरक्षित और आत्मनिर्भरता के पथ पर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि भारत की चुनाव व्यवस्था की साख वैश्विक स्तर पर स्थापित हो चुकी है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय चुनावी मॉडल व मजबूत मतदाता पहचान व्यवस्था की सराहना किया जाना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। ट्रंप की इस टिप्पणी ने कांग्रेस के उन झूठे दावों और नैरेटिव की पोल खोल दी है, जिनके जरिए वह लगातार संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती रही है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र भी भारत की पारदर्शी चुनाव व्यवस्था को एक मिसाल मान रहा है, जबकि कांग्रेस अपनी राजनीतिक हताशा के चलते देश के लोकतांत्रिक ढांचे को ही कठघरे में खड़ा करने में जुटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अफवाहें फैलाना, देश का मनोबल गिराना और अलगाववादी सोच वाले तत्वों की पैरोकारी करना कांग्रेस के डीएनए में शामिल है। कोरोना काल में वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा के मसलों पर सवाल खड़े करने तक, कांग्रेस का इतिहास हमेशा नकारात्मक राजनीति का रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज जब दुनिया के कई देश युद्ध और गंभीर ऊर्जा संकट से जूझ रहे हैं, तब भी प्रधानमंत्री मोदी की कुशल नीतियों के कारण भारत में पेट्रोल-डीजल से लेकर आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। देश में सब कुछ सुचारू रूप से चलने के बावजूद कांग्रेस जनता में लगातार भय और भ्रम फैलाने का षड्यंत्र रच रही है।

उन्होंने आगे कहा कि लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ‘दिमागी नक्सल’ मानसिकता के खिलाफ देश को सतर्क रहने का आह्वान उन विध्वंसकारी ताकतों को बेनकाब करने के लिए है, जो लोकतांत्रिक संस्थाओं और राष्ट्रीय एकता को कमजोर करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि देश आज ‘राष्ट्र प्रथम’ (Nation First) और ‘Reform, Perform, Transform’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस को देश की लोकतांत्रिक साख पर सवाल उठाने के बजाय भारत की उपलब्धियों पर गर्व करना सीखना चाहिए।

📍 Location: Kullu (KULLU)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें