शिमला। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा विधानसभा सदन में ऑपरेशन सिंदूर, भारतीय सशस्त्र सेनाओं और राफेल को लेकर की गई टिप्पणियों के विरोध में राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने राज्यपाल से मंत्री जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने, उनकी विवादित टिप्पणियों को विधानसभा की कार्यवाही से हटाने तथा पूरे प्रकरण की जांच करवाने की मांग की।
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि विधानसभा में नियम 67 के तहत किसी अन्य विषय पर चर्चा हो रही थी, लेकिन राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने चर्चा के दौरान भारतीय सशस्त्र सेनाओं, ऑपरेशन सिंदूर और राफेल को लेकर ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और देश के गौरव का प्रतीक है। ऐसे महत्वपूर्ण सैन्य अभियान को लेकर विधानसभा के पटल पर इस प्रकार की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि मंत्री ने भारतीय संविधान की शपथ लेकर पदभार ग्रहण किया है। उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की सेना से जुड़े विषयों पर पूरी जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ अपनी बात रखें। भाजपा ने राज्यपाल से मांग की है कि इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मंत्री जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। साथ ही उनकी टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। कांग्रेस पार्टी को भी इस मामले में जनता से माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा राजस्व मंत्री का समर्थन किए जाने पर सवाल उठाते हुए भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री का दायित्व था कि वे मंत्री को सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर जिम्मेदार बयान देने की नसीहत देते, लेकिन उन्होंने इसके बजाय मंत्री के बयान का समर्थन किया। मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि वे किस आधार पर इन टिप्पणियों को सही ठहरा रहे हैं।
भारद्वाज ने मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि जगत सिंह नेगी अपने बयान पर कायम हैं और उनके पास कोई ठोस तथ्य हैं, तो उन्हें विधानसभा से बाहर आकर अपने आरोपों को प्रमाणित करना चाहिए। ऑपरेशन सिंदूर, राफेल और उसकी कीमत को लेकर की गई टिप्पणियों को तथ्यों के आधार पर साबित किया जाना चाहिए। यदि उनके पास कोई प्रमाण हैं तो उन्हें उचित मंच पर केंद्र सरकार और भारतीय सशस्त्र सेनाओं के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की सेना का सम्मान किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान का प्रश्न है। सेना के शौर्य और सैन्य अभियानों को राजनीतिक बयानबाजी का विषय बनाने से बचना चाहिए। भाजपा इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए राज्यपाल से हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई की अपेक्षा करती है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट, मीडिया सह प्रभारी रमा ठाकुर, सुदीप महाजन, मंडल अध्यक्ष राजीव पंडित, मंडल महामंत्री किमी सूद,,सत्त प्रकाश मानिक, रजत कोहली, पारुल शर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
📍 Location: शिमला (शिमला)