Site icon Dainik Savera Times

भाजपा के फ्लेक्स नहीं लगे तो धर्मशाला में चक्का जाम की चेतावनी

BJP Warns of Chakka Jam : शिमला। धर्मशाला में भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के दीपावली, नववर्ष और केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़े फ्लेक्स व बैनर हटाए जाने पर भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल नेहरिया और महामंत्री शुभम सूद ने मंगलवार सुबह 10 बजे तक सभी फ्लेक्स दोबारा नहीं लगाए जाने पर चक्का जाम करने और एफआईआर दर्ज करवाने की चेतावनी दी है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर रातोंरात निजी संपत्तियों पर लगाए गए उनके फ्लेक्स हटा दिए गए हैं। इसे विधायक सुधीर शर्मा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई सरकार की कार्रवाई करार देते हुए भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। धर्मशाला भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल नेहरिया ओर महामंत्री शुभम सूद ने चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार सुबह 10 बजे तक हटाए गए सभी फ्लेक्स और बैनर उसी स्थान पर दोबारा नहीं लगाए गए तो धर्मशाला की जनता सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले को लेकर एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उनका कहना है कि उनके पास कई स्थानों से फ्लेक्स हटाए जाने के फोटो और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें जल्द सार्वजनिक किया जाएगा। दोनों नेताओं ने कहा विधायक सुधीर शर्मा एक संवैधानिक पद पर हैं और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विधानसभा क्षेत्र के लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से फ्लेक्स लगाए गए थे। ये फ्लेक्स निजी संपत्तियों पर लगाए गए थे और पहले भी वहां मौजूद थे।

इसके बावजूद इन्हें रातोंरात हटाना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद जनता को झूठी गारंटियों के नाम पर गुमराह किया गया है। सरकार के पास अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए सरकारी संपत्तियों पर बड़े-बड़े फ्लेक्स और बैनर लगाकर अपनी घोषणाओं का प्रचार किया जा रहा है। नेताओं ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर लगाए जा रहे सरकारी बैनरों पर भी सवाल उठाए और कहा कि भाजपा ने इस मामले में सरकार को आईना दिखाया है।

विधानसभा सत्र के दौरान भी सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़े-बड़े बैनर लगाए जा रहे हैं और वीवीआईपी होटलों में पार्टी पदाधिकारियों के लिए कमरे बुक करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं, युवा और बेरोजगार वर्ग सरकार से निराश हैं। पहले विधानसभा सत्र के दौरान अपनी समस्याएं लेकर हजारों लोग पहुंचते थे, लेकिन आज फरियादियों के लिए बने पास काउंटर खाली पड़े हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रेम कुमार धूमल और जयराम ठाकुर के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर विधानसभा पहुंचते थे।

अब कोई विधानसभा आते नही आते है। वर्तमान स्थिति प्रदेश सरकार के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम धर्मशाला में भाजपा का बहुमत है, बावजूद इसके सरकारी धन से मुख्यमंत्री के स्वागत और सरकार की उपलब्धियों के प्रचार के लिए फ्लेक्स लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में कांग्रेस का ना तो महापौर है ना उप महापौर उसके बावजूद सरकार अपने प्रचार में जुटी हुई है। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस प्रकार की राजनीतिक कार्रवाई से बचने की अपील करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां राजनीतिक मतभेदों के बावजूद संवाद और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान होना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा के फ्लेक्स दोबारा नहीं लगाए गए तो कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा और धर्मशाला की सड़कों पर कांग्रेस सरकार की घोषणाओं वाले बैनरों का भी विरोध किया जाएगा। धर्मशाला की जनता विधायक सुधीर शर्मा के साथ खड़ी है और किसी भी तरह की राजनीतिक दुर्भावना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version