शिमला। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कंडाघाट मंडल के अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत छावशा के उप प्रधान कार्तिक ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को लोकभवन, शिमला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
शिष्टाचार भेंट के दौरान कंडाघाट क्षेत्र के विकास, युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों तथा ग्रामीण विकास को लेकर चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं और युवाओं से संबंधित मुद्दों को राज्यपाल के समक्ष रखा। इस अवसर पर राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से संवाद करते हुए युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल ने कहा कि युवा देश की शक्ति और भविष्य हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने राज्यपाल द्वारा दिए गए मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
भाजयुमो कंडाघाट मंडल अध्यक्ष एवं छावशा पंचायत के उप प्रधान कार्तिक ठाकुर ने कहा कि राज्यपाल से हुई मुलाकात से उन्हें युवाओं और समाज सेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए नई प्रेरणा मिली है। उन्होंने राज्यपाल का अपना बहुमूल्य समय देने तथा मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
📍 Location: शिमला (शिमला)