BJYM Slams Jagat Singh Negi Over Operation Sindoor Remarks : शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में ऑपरेशन सिंदूर और राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर सियासी विवाद बढ़ गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला ने मंत्री के बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उनसे देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री की टिप्पणी भारतीय सेना के शौर्य और देश की सामरिक क्षमता का उपहास उड़ाने वाली है। डॉ. शुक्ला ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस मामले में सरकार का आधिकारिक पक्ष स्पष्ट करने और यह बताने की मांग की कि क्या सरकार मंत्री के बयान से सहमत है। उन्होंने मंत्री के बयान को भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और देश की सामरिक क्षमता का उपहास उड़ाने वाला बताते हुए उनसे देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। शिमला में जारी प्रेस बयान में डॉ. सन्नी शुक्ला ने कहा कि देश की सुरक्षा, सेना के सम्मान और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े विषय किसी भी राजनीतिक दल की विचारधारा या सत्ता-विपक्ष की बहस से ऊपर हैं। ऐसे संवेदनशील मामलों पर जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति, सैन्य सामर्थ्य और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है।
पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्या के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने जिस साहस, रणनीतिक दक्षता और अनुशासन के साथ कार्रवाई की, वह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे सैन्य अभियान को लेकर विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण सदन में यह टिप्पणी करना कि पाकिस्तान के बजाय भारत के ही छक्के छूट गए, देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का जज्बा रखते हैं।
ऐसे में उनके शौर्य और बलिदान को राजनीतिक कटाक्ष का विषय बनाना किसी भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता। डॉ. शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में रक्षा सौदों, राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है। यदि मंत्री जगत सिंह नेगी को राफेल की खरीद प्रक्रिया या उसकी कीमत को लेकर कोई आपत्ति है तो उन्हें तथ्यों, दस्तावेजों और प्रमाणों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। लेकिन रक्षा खरीद पर सवाल उठाने की आड़ में सैन्य अभियान और भारतीय वायुसेना के पराक्रम पर व्यंग्य करना उचित नहीं है।
राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना के सम्मान के मामले में सभी को मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस पूरे मामले पर सरकार का आधिकारिक पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। डॉ. शुक्ला ने सवाल उठाया कि क्या मंत्री जगत सिंह नेगी का यह बयान प्रदेश सरकार और कांग्रेस पार्टी का अधिकृत दृष्टिकोण है? यदि ऐसा नहीं है तो मुख्यमंत्री को इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े मुद्दे पर सरकार की चुप्पी उचित नहीं है और मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि वह अपने मंत्री के बयान से सहमत हैं या नहीं।

