Site icon Dainik Savera Times

सरकाघाट के गोपालपुर में 19 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या

सरकाघाट : सरकाघाट के गोपालपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा ​सिया की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब छात्रा रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे घर से कॉलेज के लिए निकली थी। वह घर से लगभग एक किलोमीटर दूर गोपालपुर बस स्टॉप की ओर जा रही थी, जहां उसकी सहेली उसका इंतजार कर रही थी।

सहेली ने पहले 9:13 बजे सिया को फोन किया, जिस पर उसने बताया कि वह जल्द पहुंच रही है। लेकिन जब वह निर्धारित समय पर नहीं पहुंची तो 9:22 बजे दोबारा फोन किया गया पर इस बार उसने फोन नहीं उठाया। इससे सहेली को अनहोनी का अंदेशा हुआ। इसी बीच, रास्ते से गुजर रहे गांव के एडवोकेट मनीष जस्वाल ने एक युवती को गंभीर हालत में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डीएसपी संजीव गौतम और एसएचओ रजनीश ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक संदिग्ध व्यक्ति घटनास्थल के आसपास देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से उक्त व्यक्ति को नघला नाले से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। एसपी और एसपी मंडी भी स्वयं घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मृतका के पिता जोगेंद्र सिंह बद्दी में चालक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। चार बहनों में से एक की शादी हो चुकी है, जबकि अन्य पढ़ाई कर रही हैं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

 

Exit mobile version