Site icon Dainik Savera Times

बिना दस्तावेज और एक्सपायर्ड फिटनेस पर चल रही बस जब्त

शिमला: यात्री सुरक्षा और परिवहन नियमों के सख्त पालन को सुनिश्चित करने के लिए आरटीओ शिमला ने विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान बस संख्या एचपी 51-3201 को बिना वैध दस्तावेजों और एक्सपायर्ड फिटनेस के चलते जब्त किया गया। जांच के बाद बस को आगे की कानूनी कार्रवाई तक एचआरटीसी कार्यशाला में रखा गया है।
आरटीओ शिमला द्वारा की गई जांच में सामने आया कि संबंधित बस का फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त हो चुका था और वाहन के पास वैध परमिट भी नहीं था।

इसके अलावा चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) भी उपलब्ध नहीं पाया गया। जांच में यह भी उजागर हुआ कि बस पर विशेष सड़क कर वर्ष 2021 से लंबित था और वाहन अपने अनुमोदित परमिट मार्ग से बाहर संचालित हो रहा था। आरटीओ शिमला विश्व मोहन देव चौहान ने कहा कि इस तरह के वाहन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।

नियमों की अनदेखी और लापरवाह संचालन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब्त वाहन के खिलाफ परिवहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरटीओ शिमला ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी बिना दस्तावेज, एक्सपायर्ड फिटनेस या असुरक्षित तरीके से चल रहे वाहन नजर आएं, तो इसकी सूचना तुरंत परिवहन विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version