Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश के 120 करोड़ हिन्दुओं को हिसंक कहना, आतंकवादी घोषित करना बेहद निंदनीय एवं शर्मनाक : राजीव बिंदल

July 2, 2024

देश के 120 करोड़ हिन्दुओं को हिसंक कहना, आतंकवादी घोषित करना बेहद निंदनीय एवं शर्मनाक : राजीव बिंदल

शिमला : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ राजीव बिन्दल ने कहा कि संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पिछले कल लोकतंत्र के मंदिर में देश के 120 करोड़ हिन्दुओं को हिसंक कहना, आतंकवादी घोषित करना बेहद निंदनीय है, शर्मनाक है। डाॅ बिन्दल ने कहा कि वो हिन्दू जो केवल सहिष्णु नहीं है, अति सहिष्णु है, वो हिन्दू जो प्राणी मात्र की पूजा करता है, वो हिन्दू जो प्रकृति और प्रकृति के हर जीव की पूजा करता है, वो हिन्दू जो सूर्य की पूजा करता है, वो हिन्दू जो नर में नारायण को देखता है, वो हिन्दू जो सारे विश्व के कल्याण की बात करता है, जो सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया की बात करता है, उसे आतंकी कहना कांग्रेस पार्टी की नीति व नियत दिखाता है।

डाॅ बिन्दल ने कहा कि लोकसभा चुनावों में जिस प्रकार से पूरे देशभर में अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की राजनीति चली और हिमाचल के मुख्यमंत्री ने तो सार्वजनिक रूप से कहा था कि मैं 97 प्रतिशत हिन्दुओं को हराकर मुख्यमंत्री बना हूं और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने तो नालागढ़ में हिन्दुओं को गाली दे डाली। उन्होनें कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस भी देश की कांग्रेस से अलग नहीं है। बिन्दल ने कहा कि संसद के अंदर हिन्दुओं के प्रति अपमानजनक शब्द कहना, असत्य, झूठ के साथ जोड़ना, इस प्रकार के व्यवहार को कतई सहन नहीं किया जाएगा। पूरा हिन्दू समाज इसकी कड़ी निंदा करता है और राहुल गांधी, सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री को इसके लिए पूरे हिन्दु समाज से माफी मांगनी चाहिए।

बिंदल ने कहा की लगातार तीसरी बार फेल और बार-बार लॉन्च के बावजूद फेल हो चुके राहुल गाँधी का नेता प्रतिपक्ष के रूप में पहला ही भाषण झूठ, निराशा और तथ्यहीन बातों से भरा हुआ था। इतना ही नहीं, उनका अपने भाषण के दौरान आचरण भी संसदीय गरिमा के अनुरूप बिलकुल भी नहीं था। लोक सभा में चर्चा राष्ट्रपति जी के अभिभाषण हो रही थी लेकिन राहुल गांधी ने उस बाबत औपचारिकतावश भी एक शब्द नहीं बोला। सदन में राहुल गाँधी ने केवल और केवल झूठ बोला।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को राहुल गांधी का ज्ञानवर्धन करना चाहिए और समझाना चाहिए कि भारत की संसदीय गरिमा को कम न करें।राहुल गाँधी ने अपने भाषण में न केवल हिंदुओं का घोर अपमान किया, न केवल हिंदुओं को हिंसक, नफरती और झूठा बताया बल्कि अग्निवीर, किसान, अयोध्या, माइक – सब पर झूठ और केवल झूठ बोला। राहुल गाँधी को अविलंब हिंदुओं का अपमान करने के लिए और सदन में झूठा बयानबाजी करने के लिए देश की जनता से अविलंब माफी मांगनी चाहिए। राहुल गाँधी झूठ बोल कर भाग जाने में माहिर हैं। राहुल जी, आप सदन में झूठ नहीं बोल सकते, आपको अपनी बातों को साबित करना होगा। आप ऐसे हिंदुओं का अपमान नहीं कर सकते।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें