हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बेहद दुखद सड़क हादसा सामने आया है। चुराह उपमंडल के बैरगढ़-सच पास-किलर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार में सवार 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब पर्यटकों से भरी कार बर्फ से ढके सच पास क्षेत्र की ओर जा रही थी। सच पास हिमाचल प्रदेश के सबसे कठिन और खतरनाक पहाड़ी मार्गों में से एक माना जाता है। यहां की सड़कें संकरी हैं और गहरी खाइयों के कारण सफर काफी जोखिमभरा होता है।
ये भी पढ़ें: Today’s horoscope 31 May 2026: किसे होगी धन प्राप्ति तो कौन करेगा मुश्किलों का सामना? जानें 12 राशियों का राशिफल
बताया जा रहा है कि बेंगलुरु से आया एक परिवार डलहौजी घूमने पहुंचा था। उन्होंने घूमने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली थी। इसी दौरान डलहौजी में ठहरे एक अन्य पर्यटक परिवार ने भी उनके साथ वाहन साझा कर लिया। इसके बाद सभी लोग सच पास की बर्फीली वादियों का आनंद लेने के लिए रवाना हुए।
कार में चालक समेत कुल 9 लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक वाहन में मौजूद लोगों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हादसा इतना गंभीर था कि कार खाई में गिरने के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। खड़ी ढलान और गहरी खाई की वजह से देर शाम तक शवों को बाहर नहीं निकाला जा सका। स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी प्रशासन और पुलिस को दी, जिसके बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने रविवार को विशेष अभियान चलाकर शवों को खाई से बाहर निकालने की तैयारी की है।
चंबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वाहन में दो परिवारों के सदस्य सवार थे। मृतकों की पहचान और उनके गृह राज्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ लोग बेंगलुरु के थे और कुछ के छत्तीसगढ़ से होने की भी संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है और बचाव अभियान जारी है।
ये भी पढ़ें: Today Hukamnama 31 May 2026: हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी

