Site icon Dainik Savera Times

मनाली-नग्गर मार्ग पर 30 फीट गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत

पतलीकूहल : कुल्लू जिले के मनाली-नग्गर मार्ग पर रांगड़ी कैंची मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बीती रात को हुआ, जबकि पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार (एचपी-35-6758) रांगड़ी कैंची मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक अमरनाथ (55) पुत्र स्वर्गीय थलिया राम, निवासी गांव धमसु, डाकघर करजां, तहसील मनाली, जिला कुल्लू, की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना पतलीकूहल की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। पुलिस ने शव को खाई से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना पतलीकूहल में अभियोग संख्या 61/26, दिनांक 25 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 एवं 106 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के पश्चात ही हो सकेगा। कुल्लू पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में चालक की मृत्यु हो गई थी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।

Exit mobile version