केंद्रीय टीम ने कुल्लू के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
Srishti Sharma
कुल्लू: मानसून सीजन के दौरान भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन से जिला कुल्लू में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम मंगलवार को कुल्लू पहुंची। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जिला के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान की स्थिति का जायजा लिया।
केंद्रीय टीम ने सैंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुचैण के मातला गांव का दौरा किया। यहां टीम ने जमीन धंसने से प्रभावित मकानों और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं नुकसान की जानकारी ली।
इसके उपरांत केंद्रीय दल ने सैंज जल विद्युत परियोजना, सिउण्ड पुल तथा सैंज बाजार का भी निरीक्षण किया। टीम ने विभिन्न स्थानों पर प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की स्थिति का स्थलीय जायजा लिया।
बैठक में संबंधित विभागों द्वारा किए गए नुकसान के आकलन, प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। केंद्रीय टीम ने अधिकारियों से आपदा से हुए नुकसान और आवश्यक राहत उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।