Site icon Dainik Savera Times

चंबा में बस पलटने से 7 लोगों की मौत, मौके पर मची चीख-पुकार

Chamba Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस सवार सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। चालुज मोड़ के समीप अचानक बस पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 15 से 20 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सात मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं
हादसे में जान गंवाने वालों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बस के चालक और परिचालक की भी हादसे में मौत हो गई है।दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया।

घायलों को तीसा अस्पताल भेजा गया
हादसे में घायल हुए यात्रियों को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल तीसा भेजा गया है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
बस दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तीसा थाना के एडिशनल एसएचओ अनुभव शर्मा ने हादसे और सात लोगों की मौत की पुष्टि की है।

 

Exit mobile version