Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

चम्बा में चिट्टा तस्करी पर पुलिस का Action, चिट्टे की तस्करी करने वाले पति-पत्नी चढ़े पुलिस के हत्थे

September 21, 2025

चम्बा में चिट्टा तस्करी पर पुलिस का Action, चिट्टे की तस्करी करने वाले पति-पत्नी चढ़े पुलिस के हत्थे

तुनुहट्टी: जिला चम्बा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआईयू टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कटोरी बंगला के पास पुलिस ने एक बोलेरो वाहन की तलाशी के दौरान पति-पत्नी को चिट्टे की तस्करी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 10.13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चुवाड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात चम्बा पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) की टीम जिसमें मुख्य आरक्षी योगराज, सुनील, संजय, आरक्षी अनिल तथा महिला आरक्षी लता शामिल थे ने जिला की सीमा कटोरी बंगला के पास नाकाबंदी की हुई थी। रात करीब 10:30 बजे के आसपास एक बोलेरो वाहन को जांच के लिए रोका गया, जो पठानकोट से बनीखेत की ओर जा रहा था।

गाड़ी में एक युवक और महिला सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए। उनकी हड़बड़ाहट ने टीम को सतर्क कर दिया और गाड़ी की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान चालक की सीट के नीचे से 10.13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों की पहचान नरेंद्र सिंह (पुत्र प्रकाश चंद, आयु 28 वर्ष) और उसकी पत्नी तमन्ना (निवासी बरंगाल, तहसील सलूणी, जिला चम्बा) के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया और चिट्टे को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मामले की पुष्टि डीएसपी चुवाड़ी योगराज चंदेल ने की है। पुलिस का मानना है कि आरोपी दंपत्ति लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे और सफेद ज़हर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाने का काम कर रहे थे। अब यह जांच की जा रही है कि उनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति:

चम्बा पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। आम जनता से भी अपील की जा रही है कि नशे के खिलाफ आवाज उठाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

ये भी पढ़ें: पंजाब यूनिवर्सिटी में RSS कार्यक्रम पर बड़ा विवाद, कई छात्र हिरासत में, भारी पुलिस बल तैनात

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें