Site icon Dainik Savera Times

चम्बा में दर्दनाक हादसा: कार खाई में गिरने से 2 लोगों की हुई मौत, दो घायल

सलूणी : चम्बा जिले के सलूणी इलाके में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बता दें कि सलूणी–गल–कुंड–पतरूमा मार्ग पर बंजाल के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार टिकरू से सलूणी की ओर जा रही थी। जब वाहन बंजाल के पास पहुंचा, तो चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार गहरी खाई में लुढ़क गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया तथा पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

ये भी पढ़ें: कांगड़ा के बाजार में लगी भीषण आग, 8 दुकानें हुईं जलकर राख

मृतकों और घायलों की पहचान:

हादसे में विशाल कुमार (पुत्र चमारू राम, निवासी बंजाल) और निशा देवी (पत्नी अमर सिंह, निवासी खलोड़ी) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अरुण कुमार (पुत्र अमर सिंह) और परीक्षित कुमार (पुत्र अमर सिंह) घायल हो गए हैं। दोनों को तुरंत नागरिक अस्पताल सलूणी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परीक्षित को गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज चम्बा रेफर कर दिया गया, जबकि अरुण कुमार का इलाज सलूणी में जारी है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में कृत्रिम बारिश की तैयारी पूरी, सिरसा ने बताई उन जगहों की लिस्ट जहां बरसेंगे बादल

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई:

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस थाना किहार की टीम मौके पर पहुंची और शवों को खाई से बाहर निकाला गया। शवों का पोस्टमार्टम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर में करवाया गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।

तहसीलदार सलूणी अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹25,000–₹25,000 की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। वहीं, एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कई मोड़ अत्यंत खतरनाक हैं और सड़क की हालत भी संतोषजनक नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।

ये भी पढ़ें- ओस्लो में अमेरिकी दूतावास के पास जोरदार धमाका, जांच में जुटी पुलिस

Exit mobile version