हमीरपुर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले के विभिन्न हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपुओं के लिए 35 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकार की ओर से इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की नीति के तहत इन बसों को परिवहन बेड़े में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को हासिल करने में ई-वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हाल ही में एचआरटीसी के बेड़े में 297 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान हमीरपुर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। कृषि उपनिदेशक कार्यालय परिसर में 8.64 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक एसआरटी लैब का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा हमीरपुर डिग्री कॉलेज में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सीबीटी लैब तथा 70 टैबलेट से सुसज्जित लाइब्रेरी का भी उद्घाटन किया।
डिग्री कॉलेज में छात्राओं के लिए करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आवासीय भवन की आधारशिला भी मुख्यमंत्री ने रखी। जिला पुस्तकालय में किताबी कॉर्नर का शुभारंभ भी किया गया।
सिंचाई योजनाओं से सैकड़ों किसान होंगे लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना चरण-2 के तहत लगभग 3.05 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न उठाऊ सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं में नादौन क्षेत्र की बसोल, जसोह और खटरोड़, सुजानपुर की घराट, हमीरपुर की डखोल तथा बड़सर क्षेत्र की थौन उठाऊ सिंचाई योजनाएं शामिल हैं।
सरकार के अनुसार इन सिंचाई परियोजनाओं से करीब 320 किसान परिवारों को लाभ मिलेगा। योजनाओं के माध्यम से कृषि भूमि तक सिंचाई सुविधा पहुंचने से किसानों को फसल विविधीकरण और खेती की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सैनिक स्कूल में नए हॉस्टल का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छात्रावास भवन का भी उद्घाटन किया। नए हॉस्टल से स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधाओं में विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, परिवहन, कृषि और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ ईंधन पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री चंद्र कुमार, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील कुमार शर्मा, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर, हिमाचल प्रदेश ओबीसी वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल सहित विभिन्न बोर्डों और निगमों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा कांगड़ा कॉपरेटिव प्राइमरी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन राम चंद्र पठानिया, हिमाचल प्रदेश मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप पठानिया, नशा निवारण बोर्ड के समन्वयक नरेश कुमार, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक निगम के चेयरमैन कर्नल मनीष कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर अध्यक्ष सुमन भारती, कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र वर्मा व सुभाष ढटवालिया, मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...