Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिमला में बस से 12 ग्राम चिट्टा बरामद, ठियोग का व्यक्ति गिरफ्तार

October 7, 2026

शिमला में बस से 12 ग्राम चिट्टा बरामद, ठियोग का व्यक्ति गिरफ्तार

शिमला। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पैशल सैल ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को करीब 12 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रमन हिमालवी (35) पुत्र बालक राम, निवासी तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शिमला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 6 अक्तूबर को स्पैशल सैल को गुप्त सूचना मिली थी कि सोलन से शिमला की ओर आ रही एक बस में रमन हिमालवी चिट्टा लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस को शोघी पुलिस चौकी के समीप रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना शिमला में अभियोग संख्या 212/2026 दिनांक 7 अक्तूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। मामले में नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य संभावित लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

शिमला पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें