Site icon Dainik Savera Times

शोघी में बस से चिट्टा बरामद, जम्मू-कश्मीर के युवक समेत महिला गिरफ्तार

शिमला: राजधानी शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने शोघी में कार्रवाई करते हुए बस में सवार एक युवक और महिला को 14 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को शिमला पुलिस के स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि आरीफ हुसैन निवासी जम्मू-कश्मीर और नेहा उर्फ सोनू निवासी लोअर कोटी, रोहड़ू चंडीगढ़ से एक बस में सवार होकर भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शिमला की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्पेशल सेल की टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और शोघी में बस को रोककर उसकी तलाशी ली।

इस दौरान पुलिस ने बस में सफर कर रहे दोनों संदिग्धों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस थाना बालूगंज में FIR संख्या 263/26 दिनांक 28 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई शिमला या आसपास के क्षेत्रों में किन लोगों को की जानी थी। इसके अलावा नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि शिमला पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि नशे की सप्लाई करने वाले लोगों के साथ-साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जाए। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version