Dainik Savera Times

1 दिसंबर के दिल्ली मजदूर प्रतिरोध कार्यक्रम के लिए शिमला में सीटू करेगी व्यापक लामबंदी

शिमला। सीटू जिला कमेटी शिमला की बैठक किसान मजदूर भवन, चितकारा पार्क में आयोजित हुई, जिसमें देशभर के मजदूर वर्ग के आह्वान पर 1 दिसम्बर 2026 को दिल्ली में होने वाले विशाल मजदूर प्रतिरोध कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शिमला जिला से व्यापक मजदूर लामबंदी करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता सीटू जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने की। महासचिव अमित ने संगठनात्मक तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा व महासचिव प्रेम गौतम ने कहा कि 1 दिसम्बर को कम से कम एक लाख वॉलंटियर्स को दिल्ली में लामबंद करने का लक्ष्य रखा गया है। देश के विभिन्न राज्यों से मजदूर लाल झंडों के साथ दिल्ली पहुंचेंगे और रामलीला मैदान से संसद एवं इंडिया गेट की ओर मार्च करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्र म महज एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि मजदूर वर्ग के “अवज्ञा और प्रतिरोध” के संघर्ष के नए चरण की शुरुआत है।

नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की मजदूर, किसान और आम जनता विरोधी नीतियों के कारण बेरोजगारी, महंगाई, असमानता और रोजगार की असुरक्षा लगातार बढ़ रही है। श्रमिकों के दशकों के संघर्षों से हासिल अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है तथा श्रम कानूनों को चार श्रम संहिताओं में बदलकर श्रमिकों को और अधिक असुरक्षित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मजदूरों की आवाज दबाने, ट्रेड यूनियन गतिविधियों को सीमित करने और हड़ताल जैसे लोकतांत्रिक संघर्षों को अपराध की तरह पेश करने की कोशिशों का डटकर प्रतिरोध किया जाएगा।

30 नवम्बर तक दिल्ली पहुंचने का आह्वान

सीटू राज्य कमेटी ने हिमाचल प्रदेश के सभी जिला एवं संबंधित यूनियनों को व्यापक तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया है। प्रदेश के मजदूरों से आह्वान किया गया है कि वे 30 नवम्बर की रात तक दिल्ली पहुंचें, ताकि 1 दिसम्बर की सुबह 10 बजे शुरू होने वाले मार्च में समय पर शामिल हो सकें। सभी प्रतिभागी पर्याप्त तैयारी के साथ पहुंचें और आवश्यकता पड़ने पर रात में भी सड़कों पर डटे रहने के लिए तैयार रहें। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मजदूरों को 3 दिसम्बर की शाम से पहले वापसी की योजना न बनाने का भी आह्वान किया गया है। प्रशासन द्वारा आंदोलन को रोकने की किसी भी कोशिश के बावजूद मजदूर शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ संघर्ष के माध्यम से अपनी मांगों को बुलंद करेंगे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version