Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल प्रदेश में बादल फटा, कुल्लू-मंडी में मची तबाही, कई घर और गाड़ियां बहीं

Cloud burst in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के लगघाटी क्षेत्र और मंडी जिले की चौहार घाटी में देर रात बादल फटने से अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। तेज बारिश और बादल फटने की वजह से कई घर और गाड़ियां बह गईं, जबकि सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। बता दें कि कुल्लू जिले की लगघाटी के भुबू और आसपास के गांवों में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। यहां 3 मकान और कई गाड़ियां पानी और मलबे में बह गईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के वक्त लोग गहरी नींद में थे, लेकिन तेज आवाज और पानी के बहाव से हड़कंप मच गया।

पहाड़ पर भारी तबाही

मिली जानकारी के अनुसार मंडी और कुल्लू की सीमा पर स्थित भुभू जोत पहाड़ पर देर रात बादल फटा। पहाड़ के एक ओर कुल्लू ज़िले का लगताटी और दूसरी ओर मंडी ज़िले की चौहार घाटी है। दोनों तरफ भारी तबाही हुई है। कुल्लू के लगताटी में 3 घर और कुछ वाहन बह जाने की खबर है, जबकि मंडी की चौहार घाटी में भारी तबाही हुई है।

चौहार घाटी के सिल्हबुधानी, कुंगड़ और स्वार गाँवों में रात में भारी बारिश हुई। यहाँ एक दुकान, दो मछली फार्म, 3 पैदल पुल और सैकड़ों एकड़ ज़मीन तबाह हो गई। वर्ष 1993 में भी इसी स्थान पर बादल फटने से भारी तबाही हुई थी।

हिमाचल के कई इलाकों में भारी बारिश

आपको बता दें कि सोमवार को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिसके कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ और तीन राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 400 सड़कें बंद हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। सतलुज नदी के कटाव और भूस्खलन के कारण शिमला ज़िले के सुन्नी क्षेत्र में टाटी-पानी के पास शिमला-मंडी मार्ग बंद हो गया है। सड़क की चौड़ाई घटकर 1.5 मीटर रह गई है, जिससे यह सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए खतरनाक हो गई है। थली पुल से होकर गुजरने वाला वैकल्पिक मार्ग भी बंद है, जिसके कारण करसोग का शिमला से संपर्क टूट गया है।

प्रशासन अलर्ट पर

स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच गई है। मलबा हटाने और बंद सड़कों को खोलने का काम जारी है। फिलहाल किसी जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

Exit mobile version