Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुक्खू की घोषणाएं, 182 महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये मासिक, खुलेगा CBSE स्कूल

November 5, 2026

सुक्खू की घोषणाएं, 182 महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये मासिक, खुलेगा CBSE स्कूल

CM Sukhu Announces CBSE School : शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत चंबा जिले के चुराह क्षेत्र के देहग्रां पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बैरागढ़ में अगले शैक्षणिक सत्र से CBSE स्कूल शुरू करने और 182 पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में सोलर पावर प्रोजेक्ट लगाने के लिए 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी देने की जानकारी भी दी।

उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की वास्तविक समस्याओं और वहां की भौगोलिक परिस्थितियों को करीब से समझना है। इन्हीं जानकारियों के आधार पर बजट में आवश्यक बदलाव कर विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने और गांवों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा को सतत् आजीविका के प्रमुख साधन के रूप में भी चिन्हित किया है।

होम-स्टे स्थापित करने, उनका विस्तार अथवा उन्नयन के लिए 5 करोड़ रुपये तक के निवेश पर प्रदेश सरकार द्वारा 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान प्रदान किया जा रहा है। 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्टार्ट-अप स्वरोज़गार सौर ऊर्जा योजना के तहत निजी भूमि पर 100 किलोवाट से 2 मेगावाट तक के सोलर पैनल लगाने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में 5 प्रतिशत और गैर-जनजातीय क्षेत्रों में 4 प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ग्रामीण क्षेत्रों में 250 किलोवाट से 1 मेगावाट तक का सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित करने के लिए बैंक से ऋण लेता है, तो उस पर लगने वाले 9 प्रतिशत ब्याज में से 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी।

इसका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के अवसर सृजित करना है। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार अगले माह से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 300 यूनिट निःशुल्क बिजली तथा स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना से बैरागढ़ की 182 महिलाओ को 1500-1500 प्रतिमाह वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

इसके साथ ही बैरागढ़ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को अगले सत्र से सीबीएसई सम्बद्ध करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांग पत्र लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त सभी जायज़ जन-शिकायतों का निपटारा त्वरित और समयबद्ध तरीके से किया जाए। दुर्गम और पिछड़े माने-जाने वाले चुराह क्षेत्र के देहग्रां में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर स्थानीय जनता, महिलाओं और युवाओं में भारी उत्साह देखा गया और पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व विधायक सुरेन्द्र भारद्वाज, कांग्रेस के महासचिव यशवंत खन्ना, हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली भटट, कांग्रेस नेता प्रकाश बटाली, ब्लाक कांग्रेस प्रधान भूपिंदर ठाकुर और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें