Site icon Dainik Savera Times

CM सुक्खू ने दिल्ली में हिमाचल निकेतन का किया निरीक्षण, जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिल्ली के द्वारका में निर्माणाधीन हिमाचल निकेतन का दौरा कर भवन के कामकाज की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने निर्माण की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को बचे हुए काम को तय समय के अंदर पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भवन का ज्यादातर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब फिनिशिंग का काम चल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी बाकी काम जल्द पूरे किए जाएं, ताकि हिमाचल निकेतन को जल्द प्रदेश की जनता को समर्पित किया जा सके।

दिल्ली आने वाले हिमाचलवासियों को मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल निकेतन दिल्ली आने वाले प्रदेश के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। खासतौर पर इलाज और पढ़ाई के लिए राजधानी आने वाले लोगों को यहां रहने की बेहतर सुविधा मिलेगी।उन्होंने बताया कि भवन में करीब चार सितारा स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे दिल्ली आने वाले हिमाचलवासियों को ठहरने के लिए एक बेहतर और सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा।

190 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा भवन

हिमाचल निकेतन का निर्माण करीब 190 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जा रहा है। इसमें कुल 107 कमरे होंगे। इसके अलावा रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, दो बड़े हॉल और बैठक कक्ष की सुविधा भी उपलब्ध होगी। विद्यार्थियों के लिए अलग डॉर्मिटरी बनाई जा रही है। परिसर में पर्याप्त पार्किंग, गार्डन और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए EV चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं भी रखी गई हैं।

गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण के बाकी काम तय समय में पूरे किए जाएं। साथ ही भवन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न किया जाए।उन्होंने कहा कि हिमाचल निकेतन प्रदेश के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र होगा और इसे जल्द तैयार कर जनता को उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इस मौके पर विधायक सुरेश कुमार, मुख्य अभियंता विजय चौधरी, अधीक्षण अभियंता दीपक राज चौहान सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Exit mobile version