Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Sukhu ने लुथान में रखी प्रदेश के पहले सुख-आश्रय आदर्श ग्राम परिसर की आधारशिला

February 8, 2024

CM Sukhu ने लुथान में रखी प्रदेश के पहले सुख-आश्रय आदर्श ग्राम परिसर की आधारशिला

शिमला (गजेंद्र) : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान लगभग 205 करोड़ रुपए लागत की 11 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। उन्होंने लुथान में प्रदेश के पहले सुख-आश्रय आदर्श ग्राम परिसर का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में 38.17 करोड़ रुपए लागत से विभिन्न उठाऊ जल आपूर्ति योजनाओं के जलस्रोत स्तर पर सुधार और संवर्धन, 5.50 करोड़ रुपए से निर्मित पुलिस स्टेशन भवन ज्वालामुखी, 2.13 करोड़ रुपए लागत के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के अतिरिक्त भवन और 14.35 करोड़ रुपए से निर्मित विवाह भवन सह मन्दिर ट्रस्ट पार्किंग का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने लुथान में प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी पहल मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अर्न्तगत 92.38 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाले सुख-आश्रय आदर्श ग्राम परिसर की आधारशिला रखने के साथ ही ज्वालामुखी क्षेत्र के लिए 27.30 करोड़ रुपए से हिमाचल प्रदेश उपोष्ण कटिबंधीय बागवानी, सिंचाई और मूल्यवर्द्धन (एचपीशिवा) परियोजना के तहत सिंचाई सुविधा, भरोली और ज्वालामुखी क्षेत्र में 5.91 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले सात नलकूप, पांच करोड़ रुपये लागत के राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल बानी-द-खूह, राजकीय डिग्री कॉलेज ज्वालामुखी में 7.82 करोड़ रुपए लागत के बहुउद्देशीय हॉल, 4.18 करोड़ रुपये लागत के खारा-नाला तटीयकरण तथा ज्वालामुखी में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली जल शक्ति विभाग की निरीक्षण हट का शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार समाज के वंचित वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। इन वर्गों के उत्थान के लिए सरकार ने कई अभिनव पहल की हैं। उन्होंने कहा कि सुख-आश्रय आदर्श ग्राम परिसर इन्हीं में से एक है। लुथान में स्थापित होने वाली इस परिसर में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के लाभार्थियों को आवास की बेहतर व अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें