Site icon Dainik Savera Times

CM Sukhu ने की नादौन और हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा

हमीरपुर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को नादौन क्षेत्र के सेरा विश्राम गृह में जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नादौन और हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को इन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इनमें अनावश्यक विलम्ब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विकासात्मक परियोजनाओं के कार्य निर्धारित अवधि में पूरे हो जाने चाहिए ताकि लोग इनसे लाभान्वित हो सकें।

इस अवसर पर उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने मुख्यमंत्री को दोनों विधानसभा क्षेत्रों की विभिन्न परियोजनाओं के बारे में अवगत करवाया। जिला तथा अन्य क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की तथा उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया तथा उनकी समस्याएं भी सुनीं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने विश्राम गृह परिसर में कपूर का पौधा भी रोपित किया। इस अवसर पर उपायुक्त देबश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक डा. आकृति शर्मा, वरिष्ठ अधिकारी, कांग्रेस के पदाधिकारी तथा स्थानीय पंचायतों के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Exit mobile version