Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM सुक्खू ने केन्द्र सरकार से किया मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में राज्य कैंसर संस्थान स्थापित करने का आग्रह

January 4, 2024

CM सुक्खू ने केन्द्र सरकार से किया मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में राज्य कैंसर संस्थान स्थापित करने का आग्रह

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया से शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से कैंसर, मधुमेह, सीबीडी और स्ट्रोक रोकथाम एवं नियंत्रण के राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत डॉ. राधा कृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में प्राथमिकता के आधार पर राज्य कैंसर संस्थान स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कैंसर मामलों की बढ़ती दर के दृष्टिगत यह संस्थान स्थापित करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत डॉ. राधा कृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक निर्मित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि राज्य में लोगों को सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं और प्रदेश सरकार ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य बुनियादी अधोसंरचना को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुपर स्पेशियलिटी बुनियादी अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी कार्य कर रही है। उन्होंने डॉ. राधा कृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में मातृ एवं शिशु अस्पताल विंग की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बिस्तर करने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में यात्रियों व पर्यटकों को समय पर त्वरित आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नागरिक अस्पताल घुमारवीं तथा श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक, परवाणू-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नागरिक अस्पताल धर्मपुर और पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नागरिक अस्पताल पालमपुर के लिए चार ट्रामा सेंटर स्वीकृत करने का भी आग्रह किया।मुख्यमंत्री ने चंबा, हमीरपुर और नाहन में तीन नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना के लिए आवश्यक स्वीकृति और धन उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी आग्रह किया।केंद्रीय मंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया भी इस अवसर उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें