
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 13 नवंबर, शुक्रवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे पड्डल मैदान पहुंचेंगे और एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन में शामिल होकर इसका नेतृत्व करेंगे। इस दौरान नशे के खिलाफ सामाजिक एकजुटता और जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री मंडी में जिला पुस्तकालय का शिलान्यास भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक वह दोपहर 12:30 बजे पड्डल मैदान से कांगणीधार हेलीपैड के लिए रवाना होंगे।
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आम जनता, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।