CM Sukhwinder Singh Sukhu : हिमाचल प्रदेश के पंडोह में बगलामुखी मंदिर को जोड़ने वाले रोपवे का उद्घाटन 3 दिसंबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। रोपवे कॉरपोरेशन एंड ट्रांसपोर्ट की ओर से सीएम से समय मांगा गया है। ऐसे में उद्घाटन की तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री इस रोपवे को जनता के लिए समर्पित कर देंगे। जिसके बाद श्रद्धालु केवल चार मिनट में माता बगलामुखी के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच सकेंगे। हिमाचल सरकार के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी इस दौरान सीएम के साथ मौजूद रहेंगे। यह रोपवे मनाली – कीरतपुर फोरलेन पर स्थित है। करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से इसे तैयार किया गया है।
रोपवे की विशेषता यह है कि यह श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को सुगम और सुखद बनाता है। इस रोपवे के जरिए श्रद्धालुओं को एक तरफ का किराया 150 रुपए और जाने-आने के लिए 250 रुपए चुकाने होंगे। यह रोपवे 700 मीटर लंबा है और इसमें दो ट्रालियां शामिल हैं, जो डैम के ठीक ऊपर से गुजरेंगी। रोपवे का निर्माण दो साल में पूरा किया गया है और इसमें ट्रालियों में 16 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
गौरतलब है कि इस परियोजना की आधारशिला पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 6 फरवरी, 2022 को रखी थी। शुरुआती बजट 45 करोड़ रुपए का था, लेकिन 2023 में आई प्राकृतिक आपदाओं के चलते इसके निर्माण का खर्च बढकर 52 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। सितंबर में रोपवे के दो बार ट्रायल किए गए और सुरक्षा प्रणाली को उचित पाया गया है।

